काल्हेर खाड़ी में अवैध रेती माफिया पर बड़ी कार्रवाई
- महेंद्र कुमार (गुडडू), ब्यूरो चीफ भिवंडी
- Feb 13, 2026
- 68 views
पोकलेन-डंपर सहित 97 लाख का माल जब्त
भिवंडी। भिवंडी तालुका के काल्हेर खाड़ीपात्र में चल रहे अवैध रेती उत्खनन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रेती माफियाओं को जोरदार झटका दिया है। ठाणे जिला प्रशासन के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान में पोकलेन मशीन, हायवा वाहन और बड़ी मात्रा में अवैध रेती सहित करीब 97 लाख रुपये का मुद्देमाल जब्त किया गया है।
गौरतलब हो कि उल्हास नदी की खाड़ी में बड़े पैमाने पर अवैध रेती उत्खनन की शिकायत मिलने के बाद ठाणे के जिल्हाधिकारी श्रीकृष्ण पांचाल ने सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद अपर जिल्हाधिकारी हरिचंद्र पाटील, उपजिल्हाधिकारी रूपाली भालके और उपविभागीय अधिकारी अमित सानप के मार्गदर्शन में जिला खनिकर्म अधिकारी विवेक घुले, रेतीगट तहसीलदार अमोल कदम तथा भिवंडी तहसीलदार अभिजित खोले के नेतृत्व में संयुक्त दक्षता पथक ने काल्हेर रेती बंदर पर छापेमारी की। इस कार्रवाई के दौरान टीम को 19 अवैध रेती साठे मिले, जिनमें करीब 1523 ब्रास रेती जमा पाई गई। रेती उपसा में इस्तेमाल होने वाला एक हायवा वाहन और पोकलेन मशीन जब्त की गई। इसके अलावा अवैध रेती संग्रह के लिए बनाई गई छह बड़ी कुंडियों को पोकलेन की मदद से नष्ट कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार, यह पूरा मुद्देमाल करीब 97 लाख रुपये का है। इस धड़क कार्रवाई के बाद रेती माफियाओं में हड़कंप मच गया है। प्रशासन का कहना है कि काल्हेर बंदर क्षेत्र में लंबे समय से अवैध उत्खनन और रेती साठवणूक की गतिविधियां चल रही थीं। राजस्व विभाग की यह लगातार चौथी बड़ी कार्रवाई बताई जा रही है। मामले में रेती माफियाओं के खिलाफ नारपोली पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


रिपोर्टर