आयुष्मान कार्ड महाभियान को मिला जबरदस्त प्रतिसाद, पहले ही दिन बने लगभग 8 हजार कार्ड
- श्याम नारायण मौर्य, संवाददाता आजमगढ़
- Feb 26, 2026
- 2 views
आजमगढ़। जनपद में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाने के लिए चल रहे विशेष महाभियान को पहले ही दिन उत्साहजनक सफलता मिली है। अभियान के प्रथम दिन शाम तक लगभग 8,000 आयुष्मान कार्ड बनाए गए, जिसे प्रशासन ने बड़ी उपलब्धि बताया है।मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा ने जानकारी दी कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार 26, 27 एवं 28 फरवरी 2026 तक यह विशेष महाभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत प्रातः 8 बजे से सायं 5 बजे तक जनपद की सभी राशन दुकानों (कोटेदार दुकानों) पर शिविर लगाकर पात्र लाभार्थियों का सत्यापन करते हुए मौके पर ही आयुष्मान कार्ड बनाए जा रहे हैं।अभियान के पहले दिन स्वयं मुख्य चिकित्साधिकारी ने पल्हनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के मतौली एवं हरिहरपुर शिविरों का निरीक्षण किया। वहीं एडिशनल सीएमओ डॉ. उमाशरण पांडेय ने लालगंज क्षेत्र में अभियान की निगरानी की। डिप्टी सीएमओ डॉ. आलेन्द कुमार द्वारा अतरौलिया, अहिरौला एवं कोयलसा क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। इसके अतिरिक्त अन्य जनपद स्तरीय स्वास्थ्य अधिकारियों ने भी विभिन्न विकास खंडों और राशन वितरण केंद्रों का भ्रमण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि शिविरों के सफल संचालन में चिकित्सा अधीक्षक, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, सीएचओ, एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका रही। आयुष्मान तकनीकी टीम एवं सीएचओ द्वारा डेटा सत्यापन और कार्ड निर्माण की प्रक्रिया को सुचारु रूप से संचालित किया जा रहा है।डॉ. वर्मा ने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि महाभियान के दौरान अधिकतम पात्र परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाए जाएं, ताकि आवश्यकता पड़ने पर उन्हें योजना के तहत निःशुल्क उपचार का लाभ मिल सके। उन्होंने सभी चयनित पात्र लाभार्थियों से अपील की है कि वे शेष दो दिनों में अपने नजदीकी राशन दुकान पर आयोजित शिविर में पहुंचकर अपना आयुष्मान कार्ड अवश्य बनवाएं और इस जनकल्याणकारी योजना का लाभ उठाएं।


रिपोर्टर