कल्याण में कुख्यात गुंडे का आतंक, रेलवे ठेकेदार पर जानलेवा हमला
- Rohit R. Shukla, Journalist
- Mar 06, 2026
- 14 views
कल्याण : महाराष्ट्र के कल्याण शहर में एक बार फिर अपराध की बड़ी घटना सामने आई है। कुख्यात गुंडे प्रशांत देशमुख उर्फ पीडी द्वारा रेलवे के एक ठेकेदार पर जानलेवा हमला करवाए जाने से इलाके में सनसनी फैल गई है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है, हालांकि घटना के बाद से आरोपी अभी तक पुलिस गिरफ्त से बाहर है।
मिली जानकारी के अनुसार कल्याण निवासी विशाल नायडू रेलवे से जुड़े ठेकेदारी का काम करते हैं। बताया जाता है कि होली के दिन उन्हें उनके एक मित्र का फोन आया। मित्र ने कहा कि वे कुख्यात अपराधी प्रशांत देशमुख से बात कर लें। विशाल नायडू और प्रशांत देशमुख एक-दूसरे को पहले से जानते हैं। दरअसल चार वर्ष पहले विशाल नायडू के एक मित्र पर हमला हुआ था, जिसमें प्रशांत देशमुख का नाम सामने आया था। इसी पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ था। बताया जा रहा है कि इसी रंजिश के चलते प्रशांत देशमुख ने अपने साथियों को भेजकर नायडू पर हमला करवाया। घटना के दौरान हमलावरों ने नायडू को धमकी देते हुए कहा कि “बहुत बड़ा हो गया क्या, अभी यहीं खत्म कर देंगे।” इसके बाद उन पर जानलेवा हमला किया गया। इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। पीड़ित की शिकायत के आधार पर बाजारपेठ पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशांत देशमुख उर्फ पीडी का नाम पिछले कई वर्षों से कई हमलों और आपराधिक घटनाओं में सामने आता रहा है। ऐसे में इस घटना ने एक बार फिर शहर की कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।


रिपोर्टर