कुदरा प्रखंड की श्वेता ने मैट्रिक में लहराया परचम, 93% अंकों के साथ जिले का मान बढ़ाया
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Mar 30, 2026
- 15 views
रिपोर्ट संदिप कुमार
कैमूर:- बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा घोषित मैट्रिक वार्षिक परीक्षा 2026 के परिणामों में कैमूर जिले के कुदरा प्रखंड अंतर्गत सेवापुरी फाखराबाद की छात्रा श्वेता कुमारी ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। जवाहरलाल नेहरू 10+2 उच्च विद्यालय, सेवापुरी फाखराबाद की छात्रा श्वेता ने 500 में से 465 अंक (93%) प्राप्त कर प्रथम श्रेणी में सफलता हासिल की है। श्वेता के पिता सरोज कुमार सिंह, जो ग्राम अमिरथा (पोस्ट-फाखराबाद) के निवासी हैं, अपनी बेटी की इस उपलब्धि पर गदगद हैं। श्वेता की इस सफलता की खास बात यह है कि उन्होंने किसी बड़े शहर जाने के बजाय अपने ही गांव के विद्यालय में नियमित अध्ययन कर यह मुकाम हासिल किया है। श्वेता की इस सफलता में उनके बड़े पिता धर्मेंद्र कुमार सिंह और चाचा मनोज कुमार सिंह का भी निरंतर मार्गदर्शन और सहयोग रहा है।
श्वेता ने गणित और हिंदी जैसे कठिन विषयों में 97-97 अंक प्राप्त कर अपनी शैक्षणिक योग्यता का परिचय दिया है। इसके अलावा विज्ञान में 94, संस्कृत में 89 और सामाजिक विज्ञान में 88 अंक प्राप्त कर उन्होंने संतुलित और शानदार प्रदर्शन किया है। श्वेता की इस शानदार उपलब्धि पर चिलबिली पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि जुगुल पासवान ने छात्रा के घर पहुँचकर उन्हें और उनके परिवार को बधाई दी। उन्होंने श्वेता को मिठाई खिलाकर उनके उज्जवल भविष्य की शुभकामना करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियों का इस तरह आगे बढ़ना पूरे समाज के लिए गौरव की बात है। विद्यालय के शिक्षकों और स्थानीय ग्रामीणों ने भी श्वेता को जिले की उभरती प्रतिभा बताया है।
श्वेता कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता के आशीर्वाद और शिक्षकों के सही मार्गदर्शन को दिया है। भविष्य में वे उच्च शिक्षा प्राप्त कर समाज और देश की सेवा करना चाहती हैं।


रिपोर्टर