विदाई समारोह में भावुक पल, छात्रों को दी गई उज्ज्वल भविष्य की सीख
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Apr 11, 2026
- 150 views
बरसठी, जौनपुर। बरसठी क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय गोरापट्टी द्वितीय में शनिवार को कक्षा 5 के विद्यार्थियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश गौतम ने किया, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में नितेश पाठक उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत सरस्वती वंदना के साथ हुई, जिसके बाद विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुति दी। बच्चों ने गीत, नृत्य, कविता और लघु नाटिका के माध्यम से अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया, जिससे पूरा विद्यालय परिसर तालियों की गूंज से भर उठा। मुख्य अतिथि नितेश पाठक ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में आगे बढ़ने के लिए अनुशासन, परिश्रम और सकारात्मक सोच अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी देश की नींव होते हैं और उनका कर्तव्य है कि वे शिक्षा के माध्यम से समाज और राष्ट्र को मजबूत बनाएं। उन्होंने बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाध्यापक ओमप्रकाश गौतम ने विद्यार्थियों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि यह विदाई अंत नहीं, बल्कि नए सफर की शुरुआत है। उन्होंने बच्चों को उच्च शिक्षा प्राप्त कर अपने परिवार और विद्यालय का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों ने विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान छात्रों और शिक्षकों के बीच भावुक क्षण भी देखने को मिले, जहां एक ओर खुशी थी तो दूसरी ओर बिछड़ने का हल्का सा दर्द भी झलक रहा था। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक, ग्रामीण एवं विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे, जिन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


रिपोर्टर