डॉ. अंबेडकर के विचारों से समाज में समानता और न्याय की स्थापना संभव - कलेक्टर

डॉ. अंबेडकर जयंती समारोह सम्पन्न, सामाजिक समरसता और विकास पर दिया गया जोर


राजगढ़ । कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह में संबोधित करते हुए कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर, जिनका जन्म मध्य प्रदेश की धरती पर हुआ, ने पूरे विश्व को प्रभावित किया। उनके जीवन दर्शन के अनुसार वंचित वर्ग के उत्थान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने हिंदू समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने और छुआछूत जैसी बुरी प्रथाओं को खत्म करने के लिए महत्वपूर्ण प्रयास किए। उनका जीवन समाज में समानता और न्याय स्थापित करने की प्रेरणा देता है।

कार्यक्रम की शुरुआत में सुश्री शिल्पा नगर द्वारा स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया गया। स्वागत नृत्य की बेला में बालिकाओं ने मनमोहक प्रस्तुति दी, जिसे उपस्थितजनों ने सराहा। इस अवसर पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से एक लघु प्रस्तुति भी दी गई, जिसमें डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान का चित्रण किया गया। यह प्रस्तुति अत्यंत प्रेरणादायक रही और देश के निर्माण में उनके महत्वपूर्ण योगदान को दर्शाया गया। इस दौरान महामंत्री देवी सिंह सोंधिया ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को स्मरण करते हुए हमें उनके बताए मार्ग पर चलना चाहिए।उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता के रूप में उनका योगदान अतुलनीय है और आज देश का नेतृत्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में आगे बढ़ रहा है। इसी क्रम में मोना सुस्तानी ने कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल एक व्यक्तित्व नहीं, बल्कि एक विचारधारा हैं, जिसे हम आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने 33 प्रतिशत आरक्षण को एक स्वागतयोग्य कदम बताते हुए कहा कि यह समाज में समानता का भाव स्थापित करेगा और भारत को विश्व गुरु बनाने में सहायक सिद्ध होगा।  पूर्व विधायक रघुनंदन शर्मा ने कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी द्वारा रामायण की रचना की गई, जो समाज को दिशा देने वाला महान ग्रंथ है। उन्होंने कहा कि हमारे समाज में मूल रूप से भेदभाव की भावना नहीं रही, लेकिन समय के साथ इस दूरी को बढ़ाया गया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में इस दूरी को कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं। डॉ. अंबेडकर को अपना प्रेरणा स्रोत बताते हुए उन्होंने कहा कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के उत्थान के लिए सरकार निरंतर कार्य कर रही है। पूर्व विधायक शर्मा ने कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा की प्रशंसा करते हुए कहा कि वे एक संवेदनशील कलेक्टर हैं, जो “संवाद से समाधान” के माध्यम से डॉ. अंबेडकर के सपनों को साकार कर रहे हैं।

उन्होंने मंच के माध्यम से इस पहल को निरंतर संचालित करते रहने का आग्रह भी किया।इसी क्रम में श्री ज्ञान सिंह गुर्जर ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर को भारत रत्न से नवाजा गया है। उनकी भावनाओं को साकार करते हुए आज हमारी सरकार विकास के कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धरातल पर सभी वर्गों के लिए समानता की भावना स्थापित करने और खुशहाली लाने का कार्य निरंतर किया जा रहा है। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने बताया कि नीति आयोग के अंतर्गत चलाए गए विभिन्न अभियानों में जिले ने निर्धारित इंडिकेटर्स पर अपने लक्ष्य प्राप्त किए हैं।उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की योजनाओं को धरातल पर प्रभावी रूप से लागू करने के लिए प्रशासन निरंतर प्रयासरत रहेगा। इस दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत डॉ. इच्छित गढ़पाले, अपर कलेक्टर प्रताप सिंह चौहान, जिला संयोजक आदिम जाति कल्याण विभाग सुश्री निशा जैन सहित संबंधित जनप्रतिनिधिगण  अधिकारी-कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट