अंबेडकर जयंती के उपलक्ष पर दुगोला चैता महा मुकाबला का भव्य आयोजन
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Apr 20, 2026
- 6 views
संवाददाता पारस नाथ दुबे।
डेहरी रोहतास।अंबेडकर जयंती के पावन अवसर पर आदर्श ग्राम पंचायत दरहिट स्थित बाबा सूरदास की कुटिया परिसर में दुगोला चैता महा मुकाबला का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जिला परिषद सदस्य डेहरी नथुनी पासवान के सौजन्य से आयोजित हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दिनारा के पूर्व विधायक विजय कुमार मंडल उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में डेहरी से राष्ट्रीय जनता दल के 2025 विधानसभा चुनाव के प्रत्याशी रहे गुड्डू चंद्रवंशी, जिला परिषद सदस्य अकोढ़ीगोला सीमा सिंह, पैक्स अध्यक्ष नंदकुमार उर्फ नंदू जी अजय कुशवाहा एवं ललन जी सहित कई गणमान्य लोग मंच पर मौजूद रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलित कर एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को नमन करते हुए किया गया। इसके बाद दुगोला चैता महा मुकाबला का रंगारंग आयोजन शुरू हुआ, जिसमें बाहर से आई विभिन्न टीमों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया।
विशेष रूप से छपरा से आई टीम ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से लोगों की खूब सराहना बटोरी। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक लोक संस्कृति की झलक देखने को मिली, जिससे पूरा माहौल उत्सवमय हो गया।
आयोजन के सफल संचालन में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों का सराहनीय योगदान रहा। यह आयोजन न केवल अंबेडकर जयंती के महत्व को दर्शाता है, बल्कि क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत को भी मजबूती प्रदान करता है।


रिपोर्टर