बेलांव बाजार में लग रही है आए दिन जाम

संवाददाता सुचित पाण्डेय की रिपोर्ट 

 रामपुर(कैमूर)--  प्रखंड अंतर्गत बेलांव बाजार महावीर मंदिर के पास नहर पर बना पुल अपनी बदहाली पर आंसू बहा रहा है। भभुआ-सबार मुख्य पथ पर स्थित यह पुल इस कदर जर्जर हो चुका है कि यहाँ से गुजरना किसी खतरे से खाली नहीं है। पुल की खराब स्थिति और संकीर्णता एवं पुल की सुरक्षित दिवाल टूटने के कारण यहाँ प्रतिदिन घंटों लंबा जाम लग रहा है, जिससे राहगीर और स्थानीय दुकानदार बेहद परेशान हैं।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्तमान में शादी-विवाह का सीजन चल रहा है, जिससे सड़क पर वाहनों का दबाव काफी बढ़ गया है। रही-सही कसर भारतमाला एक्सप्रेसवे के निर्माण कार्य ने पूरी कर दी है। एक्सप्रेसवे के निर्माण के लिए मिट्टी ढो रहे भारी वाहन (हाइवा और डंपर) इसी जर्जर पुल से होकर गुजर रहे हैं। भारी वाहनों के लगातार आवागमन और पुल की जर्जर हालत के मेल ने स्थिति को विस्फोटक बना दिया है।हैरानी की बात यह है कि इस व्यस्त मार्ग की सुध लेने वाला कोई नहीं है। स्थानीय ग्रामीणों में इस बात को लेकर भारी आक्रोश है कि प्रशासन और जनप्रतिनिधि मौन साधे हुए हैं। लोगों का कहना है क्या प्रशासन किसी बड़ी अनहोनी का इंतजार कर रहा है। जब कोई बड़ा हादसा हो जाएगा और मासूमों की जान जाएगी, तब क्या मंत्री और विधायक की नींद खुलेगी।

पुल की स्थिति इतनी खराब है कि कभी भी कोई बड़ा हिस्सा ढह सकता है।

 संकीर्ण पुल पर मिट्टी लदे भारी वाहनों के फंसने से एम्बुलेंस और स्कूली बसें भी जाम में फंसी रहती हैं।

 बार-बार शिकायत के बावजूद मरम्मत या नए पुल के निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है।

बेलाव बाजार का यह इलाका प्रखंड का एक प्रमुख व्यावसायिक केंद्र है। यदि समय रहते इस पुल की सुध नहीं ली गई, तो यहाँ कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। स्थानीय जनता ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से अविलंब पुल की मरम्मत कराने या वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट