भिवंडी में ‘जहर का बाजार’ ! एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री से लेकर मटन-चिकन तक की धड़ल्ले से बिक्री

भिवंडी। भिवंडी शहर और आसपास के इलाकों में एक्सपायर्ड उत्पादों का अवैध कारोबार तेजी से फैलता जा रहा है। हैरानी की बात यह है कि अब केवल खाद्य सामग्री और कॉस्मेटिक ही नहीं, बल्कि एक्सपायर्ड मटन, चिकन, अंडे, हरी सब्जियां, फल, आलू-प्याज जैसी रोजमर्रा की चीजें भी खुलेआम बेची जा रही हैं। इससे नागरिकों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा मंडरा रहा है, जबकि प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। सूत्रों के अनुसार शहर के शांतिनगर, गैबी नगर, खांडू पाड़ा, तीनबत्ती, ईदगाह रोड, भंडारी कंपाउंड, मधु नगर, विट्ठल नगर और खड़क रोड समेत कई इलाकों में बड़े पैमाने पर एक्सपायर्ड सामान की पैकेजिंग बदलकर बिक्री की जा रही है। बताया जाता है कि शॉपिंग मॉल और ब्रांडेड कंपनियों से निस्तारण के नाम पर एक्सपायर्ड माल उठाया जाता है, फिर उसकी नई पैकिंग कर एक्सपायरी डेट बदल दी जाती है और आधी कीमत पर बाजार में उतार दिया जाता है। खाद्य सामग्री, मसाले, चायपत्ती, टूथपेस्ट, साबुन, कॉस्मेटिक्स, स्नैक्स, वेफर्स और चॉकलेट तक इस अवैध धंधे का हिस्सा बन चुके हैं। कई बार चॉकलेट और खाद्य पदार्थों में कीड़े मिलने की शिकायतें भी सामने आई हैं। पड़घा समेत कई गोदामों से मुंबई और आसपास के शहरों में भी इस माल की सप्लाई होने की चर्चा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मनपा के आरोग्य एवं स्वच्छता विभाग से जुड़े कुछ ठेकेदार कथित तौर पर हर महीने “हफ्ता” लेकर ऐसे कारोबारियों को संरक्षण दे रहे हैं। कार्रवाई के नाम पर कभी-कभार केवल पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाकर मामले को दबा दिया जाता है।

सूत्रों ने बताया कि सागर प्लाजा होटल से गैबीनगर रोड जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे स्थित एक कारखाने में खुलेआम एक्सपायर्ड उत्पादों की बिक्री हो रही है। बावजूद इसके न तो आरोग्य विभाग और न ही पुलिस कोई ठोस कार्रवाई कर रही है। यह पूरा क्षेत्र शांतिनगर पुलिस स्टेशन के अंतर्गत आता है। भिवंडी के नागरिकों नेइन खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA), मनपा प्रशासन और पुलिस विभाग से इस “एक्सपायरी माफिया” के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो यह कारोबार शहर में बड़े स्वास्थ्य संकट का कारण बन सकता है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट