बाइकों की आमने-सामने टक्कर में एक युवक की मौत


रोहतास ।जिले के नटवार थाना क्षेत्र अंतर्गत स्टेट हाईवे दिनारा-विक्रमगंज पथ पर गुरुवार की शाम करीब छह बजे पचौली मोड़ के समीप दो बाइकों की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतक की पहचान नासरीगंज थाना क्षेत्र के अमियावर निवासी देवेंद्र सिंह के पुत्र कृष कुमार के रूप में की गई है। बताया जाता है कि कृष कुमार अपने रिश्तेदारी से दिनारा थाना क्षेत्र के भानपुर गांव से वापस अपने घर लौट रहे थे। दुर्घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों की सहायता से उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। वहीं दुर्घटना में घायल दो युवकों को सूचना मिलने पर पहुंची 112 पुलिस की टीम ने दिनारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। घायलों की पहचान कैमूर जिले के मोहनियां थाना क्षेत्र के कटरा निवासी सुभाष शर्मा के पुत्र रविकांत ठाकुर तथा रामगढ़ थाना क्षेत्र के चंदेश गांव निवासी विशेश्वर प्रसाद के पुत्र अतुल ठाकुर के रूप में हुई है। दोनों की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है। घायलों ने बताया कि वे विक्रमगंज से अपने गांव कैमूर लौट रहे थे। घटना की जानकारी मिलते ही दिनारा थानाध्यक्ष धर्मेंद्र प्रसाद अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की सूचना नटवार थाना को दी। पुलिस ने मृतक की जेब से मिले मोबाइल फोन के आधार पर उसके परिजनों और रिश्तेदारों को घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल सासाराम भेज दिया है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट