शहीद जवान के परिजनों को इक्कीस लाख का अनुदान
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- May 15, 2026
- 4 views
रोहतास ।जिले के चेनारी प्रखंड अंतर्गत सेमरी गाँव निवासी शहीद जवान दिलीप कुमार पासवान के परिजनों को बिहार सरकार की ओर से 21 लाख रूपये की अनुग्रह राशि प्रदान की गयी। यह सहायता राशि राज्य सरकार द्वारा शहीद जवान के परिवार के प्रति सम्मान,संवेदना एवं सहयोग के रूप में दी गयी। जीडी दिलीप कुमार पासवान आरक्षी केंद्र के बल संख्या 196 बल-वाहिनी में पदस्थापित थे। बीते वर्ष 23 अप्रैल 2025 को छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के महादेव घाटी क्षेत्र में चलाये जा रहे नक्सल विरोधी अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा लगाये गये प्रेशर आईडी विस्फोट में वे गंभीर रूप से घायल हो गये थे। घायल अवस्था में उन्हें बेहतर इलाज के लिए नयी दिल्ली के एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया था,जहाँ इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गयी थी।
बिहार सरकार के सैनिक कल्याण निदेशालय के निर्देश के आलोक में शहीद जवान के आश्रितों को अनुग्रह अनुदान उपलब्ध कराने की प्रक्रिया पूरी की गयी। इस संबंध में अंचल अधिकारी चेनारी,भूमि सुधार उप समाहर्ता,सासाराम एवं अनुमंडल पदाधिकारी,सासाराम द्वारा जाँच कर अनुशंसा की गयी और जाँचोपरान्त सहायता राशि की स्वीकृति प्रदान की गयी। शहीद जवान के माता-पिता की सहमति के बाद वरीय उप समाहर्ता ओम प्रकाश लाल एवं अंचल पदाधिकारी के द्वारा उनकी पत्नी अनीता देवी को 21 लाख रूपये की सहायता राशि उपलब्ध करायी गयी। इसके लिए परिवार के सदस्यों ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया।


रिपोर्टर