स्कूल परिसर बना मौत का मैदान, युवक का शव फांसी के फंदे पर मिलने से हड़कंप
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- May 22, 2026
- 59 views
बरसठी, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के हरद्वारी गांव स्थित कम्पोजिट विद्यालय परिसर में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक का शव विद्यालय में खेलकूद के लिए लगाए गए लोहे के पाइप से फांसी के फंदे के सहारे लटकता मिला। घटना की जानकारी होते ही गांव में हड़कंप मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान गांव निवासी 20 वर्षीय संदीप गौतम के रूप में हुई है। बताया जाता है कि सुबह कुछ ग्रामीण विद्यालय परिसर की ओर गए थे, तभी उनकी नजर युवक के फंदे से लटकते शव पर पड़ी। यह दृश्य देखते ही वहां अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पाकर बड़ेरी चौकी एवं बरसठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी हाउस भेज दिया।
मिली जानकारी के अनुसार मृतक संदीप गौतम दो भाइयों में सबसे बड़ा था तथा उसकी तीन बहनें हैं। वह महाराष्ट्र के भिवंडी शहर में रहकर मजदूरी करता था और करीब 20 दिन पहले अपने गांव आया था। गांव में रहकर वह शादी-विवाह समारोह में टेंट लगाने का कार्य कर रहा था। घटना के समय उसके माता-पिता, छोटा भाई और एक बहन रिश्तेदारी में रीवा (मध्य प्रदेश) गए हुए थे। घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग घर के लिए रवाना हो गए हैं। इस संबंध में बड़ेरी चौकी प्रभारी शैलेंद्र दुबे ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।


रिपोर्टर