बकरीद पर्व को लेकर रामपुर थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक सम्पन्न, शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील

रामपुर, जौनपुर। आगामी बकरीद पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने के उद्देश्य से थाना रामपुर परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस प्रशासन, नगर पंचायत प्रतिनिधियों तथा क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने सहभागिता करते हुए आपसी भाईचारे और शांति बनाए रखने की अपील की।

बैठक की अध्यक्षता प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने की। इस दौरान बिजली विभाग के एसडीओ मुरलीधर मौर्य, नगर पंचायत रामपुर के चेयरमैन विनोद कुमार जायसवाल, नगर पंचायत कार्यालय सहायक मनीष शुक्ला, उपनिरीक्षक मंहगूराम, उपनिरीक्षक इस्लाम, उपनिरीक्षक राम आश्रय कुशवाहा, उपनिरीक्षक बाबूराम बिन्द, उपनिरीक्षक छितेश्वर तिवारी, उपनिरीक्षक राजेंद्र धर पाण्डेय, उपनिरीक्षक तारकेश्वर राय, सभासद इरफान अंसारी, आजाद सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

बैठक को संबोधित करते हुए चेयरमैन विनोद कुमार जायसवाल ने नगरवासियों को बकरीद पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी लोग प्रेम, भाईचारा एवं सौहार्द के साथ त्योहार मनाएं। उन्होंने नगर की स्वच्छता एवं व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील भी की।
 एसडीओ मुरलीधर मौर्य ने कहा कि त्योहार के दौरान कोई भी व्यक्ति बिजली चोरी अथवा अवैध रूप से अतिरिक्त लोड का प्रयोग न करे। यदि कोई ऐसा करते हुए पाया गया तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने लोगों से सुरक्षित एवं नियमों के अनुरूप विद्युत उपयोग करने की अपील की।

वहीं प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार ने शासन की गाइडलाइन का पालन करने पर जोर देते हुए कहा कि कुर्बानी खुले स्थानों पर नहीं की जाएगी तथा सार्वजनिक स्थलों पर किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी भी समस्या की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को देने की अपील की। बैठक में उपस्थित लोगों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सौहार्द एवं भाईचारे का वातावरण बना रहा।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट