बरसठी पावर हाउस में बड़ा दर्दनाक हादसा करंट लगने से संविदा लाइनमैन की मौत, क्षेत्र में फैली सनसनी
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- May 23, 2026
- 14 views
बताया जा रहा है कि संविदा लाइनमैन अशोक यादव हाईवोल्टेज लाइन की खराबी ठीक करने के लिए बिजली के खंभे पर चढ़े थे। परिजनों का आरोप है कि कार्य शुरू करने से पहले अशोक यादव ने पावर हाउस पर फोन कर शटडाउन लिया था। इसके बावजूद अचानक लाइन चालू हो जाने से उन्हें जोरदार करंट लग गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करंट लगने के बाद लाइनमैन लगभग एक मिनट तक खंभे से चिपके रहे, जिसके बाद वह नीचे गिर पड़े। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और रो-रोकर उनका बुरा हाल हो गया। वहीं सूचना पर पहुंची बरसठी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। मौके पर उपजिलाधिकारी मड़ियाहूं नवीन कुमार, क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं परमानंद कुशवाहा, नायब तहसीलदार तथा थाना प्रभारी बरसठी मौजूद रहे और घटनास्थल का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया।
इस दर्दनाक हादसे के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली और सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अशोक यादव एक अनुभवी और मेहनती लाइनमैन थे, जो कई वर्षों से विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनकी मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।


रिपोर्टर