कुदरा के पुसौली में दो ट्रकों की भीषण टक्कर, चालक गंभीर रूप से घायल
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- May 24, 2026
- 39 views
अचानक ब्रेक लगने से पीछे आ रही ट्राली ट्रक ने मारी जोरदार टक्कर, एनएचएआई पेट्रोलिंग टीम ने घायल को अस्पताल पहुंचाया
सहायक संवाददाता रूपेश कुमार दुबे कि रिपोर्ट
कुदरा (कैमूर):-- कुदरा थाना क्षेत्र के पुसौली इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार को दो ट्रकों के बीच हुई भीषण टक्कर में एक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों की मदद से ट्रक में फंसे चालक को बाहर निकाला गया, जिसके बाद एनएचएआई पेट्रोलिंग टीम ने उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार, मोहनिया की ओर जा रही ट्राली ट्रक संख्या BR24GD-3687 पीछे से आ रही थी। इसी दौरान आगे चल रही ट्रक संख्या BR24GC-5851 के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिया। अचानक ब्रेक लगने के कारण पीछे चल रही ट्राली ट्रक अनियंत्रित हो गई और उसने आगे वाली ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद चालक ट्रक के केबिन में बुरी तरह फंस गया। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए काफी मशक्कत के बाद घायल चालक को बाहर निकाला। घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल इलाज के लिए नजदीकी शिवम चिकित्सालय पहुंचाया।
घायल चालक की पहचान सुरजीत कुमार, निवासी अयोध्या जिला, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। चिकित्सकों द्वारा उसका इलाज किया जा रहा है।
घटना के बाद कुछ समय तक सड़क पर यातायात प्रभावित रहा। हालांकि बाद में क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर आवागमन को सामान्य कराया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।


रिपोर्टर