आरएसके पब्लिक स्कूल के 25 कैंडिडेट एनसीसी प्रशिक्षण के लिए कुदरा रवाना
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- May 24, 2026
- 3 views
संवाददाता पारस नाथ दुबे
एटीसी एनसीसी प्रशिक्षण शिविर के लिए रवाना
डेहरी ऑन सोन। रोहतास जिले के लिए गर्व की बात है कि आरएसके पब्लिक स्कूल, बस्तीपुर डेहरी ऑन सोन के 25 छात्र-छात्राओं का चयन एटीसी एनसीसी प्रशिक्षण शिविर के लिए किया गया है। चयनित कैडेट उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति की भावना के साथ प्रशिक्षण शिविर में भाग लेने हेतु कैमूर जिले के कुदरा स्थित पैराडाइज चिल्ड्रेन अकादमी के लिए रवाना हुए।
विद्यालय के निदेशक श्री आनंद सिंह ने सभी कैडेट्स को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि आरएसके पब्लिक स्कूल डेहरी ऑन सोन का ऐसा प्रमुख विद्यालय है, जहां विद्यार्थियों को एनसीसी की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि एनसीसी विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, अनुशासन, आत्मविश्वास और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में कैडेट्स को परेड ड्रिल, शारीरिक प्रशिक्षण, अनुशासन, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं सामाजिक कार्यों से संबंधित विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिससे विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में मदद मिलेगी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं शिक्षकों ने भी सभी चयनित कैडेट्स को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि छात्र-छात्राएं शिविर में बेहतर प्रदर्शन कर विद्यालय और जिले का नाम रोशन करेंगे।
विद्यालय के इस प्रयास की अभिभावकों ने भी सराहना की है। अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन, शिक्षक एवं शिक्षिकाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।


रिपोर्टर