डालसा द्वारा अधिवक्ताओं के पेशेवर आचरण पर बैठक आयोजित
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- May 26, 2026
- 19 views
ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट
शिवहर--- जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में सोमवार को एडीआर भवन के सभाकक्ष में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया।वही बैठक की अध्यक्षता जिला अपर मुख्य न्यायाधीश सह जिला विधिक सेवा प्राधिकार सचिव ललन कुमार रजक ने की।इस बैठक का मुख्य उद्देश्य बार काउंसिल ऑफ इंडिया के भाग VI, अध्याय II में निहित पेशेवर आचरण और शिष्टाचार के मानकों के प्रति अधिवक्ताओं का ध्यान आकर्षित करना था।इस अवसर पर जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अवध किशोर सिंह, सचिव धर्मेंद्र कुमार सिंह सहित कई वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अधिवक्ता मौजूद रहे। इस दौरान जिला अपर मुख्य न्यायाधीश सह सचिव ललन कुमार रजक ने कहा कि अधिवक्ता न्याय व्यवस्था का एक अभिन्न स्तंभ हैं और समाज उनसे उच्च नैतिक मूल्यों की अपेक्षा रखता है। उन्होंने कहा कि न्याय की गरिमा को अक्षुण्ण रखने के लिए बार काउंसिल द्वारा निर्धारित नियमों का अक्षरशः पालन करना प्रत्येक अधिवक्ता का परम कर्तव्य है। साथ ही सचिव महोदय ने अधिनियम की धारा 49(1)(c) का उल्लेख करते हुए स्पष्ट किया कि वकालत केवल एक पेशा नहीं बल्कि एक पवित्र दायित्व है, जिसमें मुवक्किल के प्रति निष्ठा, न्यायालय के प्रति सम्मान और साथी अधिवक्ताओं के प्रति शिष्टाचार तीनों का संतुलन आवश्यक है।उन्होंने यह भी कहा कि यदि अधिवक्ता स्वयं अनुशासित और मर्यादित रहेंगे तो आम जनता का न्यायपालिका पर विश्वास और अधिक प्रगाढ़ होगा।बैठक में न्यायालय की गरिमा बनाए रखने, न्याय प्रणाली के प्रति सम्मान व्यक्त करने तथा मुवक्किल के हितों की रक्षा और उनकी गोपनीयता बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। साथी अधिवक्ताओं के साथ सौहार्दपूर्ण और पेशेवर संबंध बनाए रखने की भी सलाह दी गई।जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अवध किशोर सिंह, सचिव धर्मेंद्र कुमार सिंह एवं अन्य उपस्थित अधिवक्ताओं ने सचिव महोदय के विचारों से पूर्ण सहमति व्यक्त करते हुए कहा कि नैतिक आचरण ही एक अधिवक्ता की वास्तविक पहचान है। सभी अधिवक्ताओं ने इस सत्र की सराहना की और माना कि इस प्रकार के आयोजनों से न्यायिक व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी।


रिपोर्टर