बकरीद पर गूंजे अमन और भाईचारे के पैगाम, गया जिले की मस्जिदों व ईदगाहों में अदा की गई नमाज
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- May 29, 2026
- 25 views
ब्यूरो चीफ प्रेम कुमार की रिपोर्ट
गयाजी-- बकरीद के पावन अवसर पर गुरुवार को गया जिले के विभिन्न ईदगाहों एवं मस्जिदों में मुस्लिम समाज के लोगों ने अकीदत के साथ नमाज अदा की। हरिहर सुब्रमण्यम स्टेडियम गांधी मैदान, बनिया पोखर, जमा मस्जिद, कठोकर तालाब मस्जिद, कर्बला समेत जिले के विभिन्न स्थानों पर सुबह से ही नमाजियों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर बकरीद की मुबारकबाद दी तथा देश में अमन, चैन और खुशहाली की दुआ मांगी।
बकरीद को लेकर बच्चों में भी खास उत्साह देखने को मिला। नए कपड़ों में सज-धज कर बच्चे अपने परिजनों के साथ नमाज अदा करने पहुंचे। पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। विभिन्न संवेदनशील स्थलों पर पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती की गई थी।
इस दौरान बड़ी संख्या में कुर्बानी के लिए बकरे लाए गए। मुस्लिम समुदाय के लोगों ने इस्लामी परंपराओं एवं नियमों का पालन करते हुए कुर्बानी की रस्म अदा की।
मौके पर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 21 के पार्षद नैयर अहमद ने बकरीद के पावन अवसर पर जिलेवासियों एवं मुस्लिम समुदाय के लोगों को हार्दिक मुबारकबाद दी है। उन्होंने कहा कि बकरीद त्याग, बलिदान, भाईचारे और इंसानियत का संदेश देने वाला पर्व है। यह त्योहार हमें आपसी प्रेम, सौहार्द और सामाजिक एकता को मजबूत करने की प्रेरणा देता है।


रिपोर्टर