सोशल मीडिया पर अस्पताल के खिलाफ वायरल वीडियो भ्रामक, 1.5 लाख एडवांस लेने का दावा गलत : विजय सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल
- श्याम नारायण मौर्य, संवाददाता आजमगढ़
- Jun 05, 2026
- 6 views
आजमगढ़। लछिरामपुर क्षेत्र स्थित विजय सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल प्रशासन ने सोशल मीडिया पर प्रसारित एक वीडियो को भ्रामक और तथ्यों से परे बताते हुए उसका खंडन किया है। अस्पताल प्रशासन ने कहा कि मरीज के परिजनों से इलाज के नाम पर 1.5 लाख रुपये एडवांस जमा कराने का जो दावा किया जा रहा है, वह पूरी तरह निराधार है और संस्थान की छवि धूमिल करने के उद्देश्य से फैलाया जा रहा है।
अस्पताल की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि 3 जून 2026 को 20 वर्षीय युवक गोलू यादव को सड़क दुर्घटना के बाद गंभीर हालत में अस्पताल लाया गया था। दुर्घटना में उसके दाहिने पैर में गंभीर चोट आई थी तथा अत्यधिक रक्तस्राव हो चुका था। मरीज की नाजुक स्थिति को देखते हुए अस्पताल ने अपनी ‘जीरो एडवांस पेमेंट’ नीति के तहत बिना किसी अग्रिम भुगतान के तत्काल इलाज शुरू कराया।प्रबंधन के अनुसार चिकित्सकों की टीम ने मरीज को बचाने के लिए हरसंभव प्रयास किए, लेकिन अत्यधिक रक्तस्राव के कारण वह हेमोरेजिक शॉक और फैट एम्बोलिज्म की स्थिति में पहुंच गया। इसके चलते उसे कार्डियोपल्मोनरी अरेस्ट हुआ और तमाम चिकित्सकीय प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।अस्पताल प्रशासन ने कहा कि संस्थान गंभीर मरीजों का इलाज उनकी आर्थिक स्थिति या एडवांस भुगतान को आधार बनाकर नहीं करता, बल्कि पहले जीवन बचाने को प्राथमिकता देता है। प्रबंधन ने मृतक के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि बिना सत्यापन के भ्रामक वीडियो या समाचार प्रसारित करने वालों के खिलाफ मानहानि और आईटी एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


रिपोर्टर