श्री गणपति पूजा महासमिति की विशेष बैठक सम्पन्न, लोलारक दुबे बने मुख्य संरक्षक
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Jun 08, 2026
- 6 views
जौनपुर। शहर के उर्दू बाजार स्थित घनश्यामदास बैंकर के बगीचा में श्री गणपति पूजा महासमिति जौनपुर की विशेष बैठक वरिष्ठ संरक्षक एवं समाजसेवी राकेश श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक का शुभारंभ पंडित ईशान चतुर्वेदी द्वारा भगवान श्री गणेश की विधि-विधान से पूजन-अर्चना के साथ किया गया।
बैठक में महासमिति के मुख्य संरक्षक पंडित अवधेश चतुर्वेदी के हाल ही में सड़क दुर्घटना में हुए निधन पर शोक व्यक्त किया गया। उनके निधन से रिक्त हुए मुख्य संरक्षक पद पर नए दायित्व निर्धारण को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। आगामी गणेश चतुर्थी महोत्सव एवं महासमिति के अन्य कार्यक्रमों को सुचारु रूप से संचालित करने के उद्देश्य से संरक्षकों, विशिष्ट सदस्यों एवं पदाधिकारियों ने सर्वसम्मति से वरिष्ठ पत्रकार एवं वर्तमान संरक्षक लोलारक दुबे को महासमिति का नया मुख्य संरक्षक मनोनीत किया।
बैठक की अध्यक्षता कर रहे राकेश श्रीवास्तव ने कहा कि लोलारक दुबे लंबे समय से सामाजिक एवं धार्मिक गतिविधियों से जुड़े रहे हैं। उनके अनुभव, सरल स्वभाव एवं संगठन के प्रति समर्पण से महासमिति को नई दिशा और मजबूती मिलेगी। साथ ही पंडित ईशान चतुर्वेदी को महासमिति का नया संरक्षक सदस्य नामित किया गया। मुख्य संरक्षक घोषित किए जाने के बाद उपस्थित सदस्यों ने करतल ध्वनि से निर्णय का स्वागत करते हुए लोलारक दुबे का माल्यार्पण कर अभिनंदन किया। इस अवसर पर लोलारक दुबे ने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वह पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ निर्वहन करेंगे तथा सभी संरक्षकों एवं पदाधिकारियों के सहयोग से संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का कार्य करेंगे।
बैठक में अशोक शर्मा एडवोकेट, शशि कुमार श्रीवास्तव, अरशद कुरैशी, आनंद मिश्रा एडवोकेट, संजय अस्थाना, डॉ. अतुल प्रकाश यादव, अतुल सिंह, मेहदी रजा एडवोकेट, मनोज मिश्र एडवोकेट, विक्रम मौर्य सहित अनेक गणमान्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में आगंतुकों का स्वागत संयोजक नवीन सिंह बसगोती ने किया, जबकि अध्यक्ष दीपक जावा एवं कोआर्डिनेटर संजय जांडवानी ने संयुक्त रूप से आभार व्यक्त किया। बैठक का संचालन मुख्य ट्रस्टी संजीव कुमार एडवोकेट ने किया। बैठक को सफल बनाने में पवन दुबे, विशाल खत्री, आशीष बोस, चंद्रेश यादव, सुधांशु विश्वकर्मा, आदर्श श्रीवास्तव, अजय यादव, पृथु गुप्ता, अर्जुन पंजाबी, करन बिंद, संतोष पांडेय, शिवम बरनवाल, मनीष पांडेय, सौरभ बैंकर, पंकज जांडवानी, सुनील मोदनवाल सहित अनेक कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।


रिपोर्टर