बीएससी परीक्षा देकर लौट रहे छात्र की सड़क हादसे में मौत

बिजली के खंभे से टकराई बाइक

बरसठी (जौनपुर)। बरसठी थाना क्षेत्र के मंगरी गांव निवासी एक बीएससी छात्र की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। छात्र परीक्षा देकर बाइक से घर लौट रहा था। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया, जबकि गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मंगरी गांव निवासी आदर्श उपाध्याय (24) पुत्र आनंद उपाध्याय प्रयागराज में बीएससी की परीक्षा देकर अपनी पल्सर बाइक से घर वापस लौट रहे थे। रास्ते में निगोह-मियांचक मार्ग पर हंसिया गांव के पास उनकी बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आदर्श के सिर में गंभीर चोटें आ गईं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छात्र को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। 

मृतक आदर्श उपाध्याय अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। उनके पिता आनंद उपाध्याय गांव के कोटेदार हैं। परिवार में एक बहन भी है। जवान बेटे की असमय मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की खबर मिलते ही परिजन और रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए। आदर्श की मौत की खबर जैसे ही मंगरी गांव पहुंची, पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में ग्रामीण पीड़ित परिवार के घर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। हर किसी की जुबान पर इस होनहार युवक की असामयिक मौत की चर्चा है। घटना से क्षेत्र में गहरा दुख और शोक व्याप्त है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट