तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल, मुआवजे की मांग



चांद (कैमूर)--  चांद प्रखंड के गभरारी कला पंचायत अंतर्गत डेढ़ुआ गांव में गुरुवार को एक हृदयविदारक हादसे में तालाब में डूबने से दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृत बच्चों की पहचान डेढ़ुआ गांव निवासी रिजवान अली तथा जीशान अली (पिता- बबलू अंसारी) के रूप में की गई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार दोनों बच्चे गुरुवार की सुबह अपने घर से निकलकर उस स्थान पर पहुंच गए जहां उनके पिता खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान खेलते-खेलते दोनों बच्चे खेत के समीप स्थित एक तालाब के पास चले गए और नहाने लगे। नहाने के दौरान गहरे पानी में चले जाने से दोनों बच्चे डूब गए।

घटना की जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू की। काफी प्रयास के बाद दोनों बच्चों को तालाब से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मासूम बच्चों की असमय मौत से पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया।


घटना की सूचना मिलते ही चांद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भभुआ भेज दिया गया। मौके पर पुलिस अधिकारियों के साथ अंचल अधिकारी (सीओ) भी मौजूद रहे तथा परिजनों को ढांढस बंधाया। ग्रामीणों एवं परिजनों ने इस दुखद घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए राज्य सरकार से पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता एवं मुआवजा देने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और प्रशासन को मानवीय आधार पर तत्काल सहायता प्रदान करनी चाहिए।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट