थाना की टोचन गाड़ी का रस्सी टुटा, तरियानी में बड़ा सड़क हादसा, खाजेपुर पुल के पास 6 लोग जख्मी

ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट 

शिवहर--- जिले के तरियानी थाना क्षेत्र अंतर्गत शिवहर-मुजफ्फरपुर मुख्य मार्ग पर खाजेपुर पुल के समीप शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसा उस समय हुआ जब तरियानी छपरा थाना की एक खराब गाड़ी को टोचन (रस्सी के सहारे खींचकर) शिवहर से लाया जा रहा था। इसी दौरान अचानक टोचन की रस्सी टूट गई, जिससे पीछे चल रही गाड़ी अनियंत्रित होकर सड़क पर जा रहे एक ऑटो से टकरा गई।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि ऑटो में सवार करीब छह लोग घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही तरियानी थाना एवं तरियानी छपरा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों के सहयोग से स्थिति को नियंत्रित किया। बेलहिया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि नीरज कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्य में सहयोग किया। सभी घायलों को तत्काल उपचार के लिए शिवहर सदर अस्पताल भेजा गया।

जानकारी के अनुसार घायलों में पांच लोग राजेपुर थाना क्षेत्र, जिला पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) के निवासी हैं, जबकि एक व्यक्ति हिरम्मा थाना क्षेत्र के निमाही गांव का रहने वाला बताया जा रहा है।

घायल वाहन चालक राजीव कुमार ने बताया कि वे राजेपुर से शिवहर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से टोचन के सहारे लाई जा रही थाना की गाड़ी की रस्सी टूट गई, जिससे वह अनियंत्रित होकर उनके ऑटो से टकरा गई। टक्कर के कारण ऑटो में सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

वहीं, तरियानी के प्रभारी थानाध्यक्ष उपेन्द्र कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में दुर्घटना टोचन की रस्सी टूटने के कारण हुई प्रतीत हो रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है तथा आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हादसे के बाद कुछ देर तक शिवहर-मुजफ्फरपुर मार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने सामान्य कराया। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है। फिलहाल सभी घायलों का इलाज जारी है और पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट