सकरी पेट्रोल पंप के समीप खड़ी पिकअप से मोबाइल, नकदी व दस्तावेज चोरी,

पीड़ित ने पुलिस पर लगाया आवेदन बदलने का आरोप




रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट 



कुदरा (कैमूर)। कुदरा थाना क्षेत्र के सकरी पेट्रोल पंप के समीप खड़ी एक पिकअप गाड़ी से मोबाइल फोन, नकदी एवं महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी होने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़ित चालक ने घटना की सूचना कुदरा थाना को देते हुए कार्रवाई की मांग की है। साथ ही उसने पुलिस पर आवेदन में नकदी का उल्लेख नहीं करने की सलाह देने का आरोप भी लगाया है।


मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एमा गांव निवासी चालक रामू साहू ने बताया कि वह दिनांक 21 जून 2026 को अपनी पिकअप गाड़ी (रजिस्ट्रेशन नंबर UP78GN9998) लेकर सकरी पेट्रोल पंप के समीप रुका था। सुबह लगभग 10 बजे वह गाड़ी खड़ी कर आराम करने के लिए सो गया। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने गाड़ी से उसका मोटरोला मोबाइल फोन, 40 हजार रुपये नकद, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस तथा मोबाइल सिम चोरी कर लिया।


पीड़ित ने बताया कि चोरी हुई सिम का मोबाइल नंबर 6390698353 है। घटना की जानकारी होने पर उसने तत्काल कुदरा थाना पहुंचकर लिखित आवेदन दिया तथा मामले में कार्रवाई की मांग की।


पीड़ित चालक रामू साहू ने आरोप लगाया कि जब उसने अपने आवेदन में 40 हजार रुपये नकद चोरी होने का उल्लेख किया तो उसे ऐसा नहीं लिखने की सलाह दी गई। उसके अनुसार उसे कहा गया कि रुपये मिलने की संभावना कम है, इसलिए केवल मोबाइल और पर्स गुम होने की रिपोर्ट दर्ज करा दी जाए, जिससे मोबाइल और पर्स मिलने पर वापस मिल सके।


घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है। लोगों का कहना है कि पेट्रोल पंप एवं सड़क किनारे खड़े वाहनों की सुरक्षा के लिए पुलिस गश्ती बढ़ाई जानी चाहिए ताकि इस तरह की घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।


फिलहाल पुलिस को दिए गए आवेदन के आधार पर मामले की जांच किए जाने की बात कही जा रही है। पुलिस जांच के बाद ही चोरी की घटना और लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट