डेहरी बनेगा बिहार का 12वां ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप, विकास को मिलेगी नई रफ्तार- सोनू सिंह
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Jun 26, 2026
- 2 views
संवाददाता पारस नाथ दुबे
डेहरी-ऑन-सोन, रोहतास। रोहतास जिले के लिए एक ऐतिहासिक सौगात सामने आई है। डेहरी विधायक राजीव रंजन सिंह उर्फ सोनू सिंह ने नव बिहार टाइम्स को बताया कि बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग ने डेहरी में ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप के क्षेत्र एवं विकास प्रक्रिया के चयन को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इसके साथ ही डेहरी बिहार का 12वां ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप बनने की दिशा में आगे बढ़ गया है।
राज्य सरकार की इस महत्वाकांक्षी योजना का मुख्य उद्देश्य तेजी से बढ़ रही शहरी आबादी के दबाव को कम करना, आधुनिक सुविधाओं से युक्त नियोजित नगर विकसित करना तथा रोजगार एवं निवेश के नए अवसर सृजित करना है। प्रस्तावित सैटेलाइट टाउनशिप में आवासीय क्षेत्र, चौड़ी सड़कें, पेयजल आपूर्ति, सीवरेज व्यवस्था, स्वास्थ्य एवं शैक्षणिक संस्थान सहित अत्याधुनिक शहरी बुनियादी ढांचे का विकास किया जाएगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि यह परियोजना रोहतास जिले के विकास में मील का पत्थर साबित होगी। इसके क्रियान्वयन से न केवल डेहरी शहर का स्वरूप बदलेगा, बल्कि पूरे शाहाबाद क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी। उद्योग, व्यापार, रियल एस्टेट और सेवा क्षेत्र में निवेश बढ़ने से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
सैटेलाइट टाउनशिप के विकास से डेहरी को एक आधुनिक, सुव्यवस्थित और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित शहर के रूप में पहचान मिलने की उम्मीद है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने सरकार के इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के समग्र विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया है।
यह परियोजना आने वाले वर्षों में डेहरी और रोहतास की तस्वीर बदलने वाली साबित हो सकती है, जिससे क्षेत्र को विकास की नई उड़ान मिलेगी।


रिपोर्टर