केराकत: डेयरी पर दूध देने गए दो सगे भाइयों पर ताबड़तोड़ फायरिंग, एक को हाथ में लगी गोलियां

रिपोर्टर_ अमित शर्मा

जौनपुर। केराकत थाना क्षेत्र के परमानंदपुर गांव में सोमवार सुबह पुरानी रंजिश को लेकर दो सगे भाइयों पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि डेयरी पर दूध देने जा रहे दोनों भाइयों को दबंगों ने पहले करीब 400 मीटर तक दौड़ाकर लाठी-डंडों से बेरहमी से पीटा, इसके बाद ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।

हमले में बुद्धीराम राजभर के हाथ में तीन गोलियां लगीं, जबकि उनके भाई के सिर पर लाठी-डंडों से गंभीर चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुट गई। प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट