रास्ते के विवाद में खूनी संघर्ष, महिलाओं समेत नौ घायल एफआईआर दर्ज
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Jul 05, 2026
- 20 views
पांच घायलों को परिजन जिला अस्पताल ले गए
बरसठी, जौनपुर। थाना क्षेत्र के टकटैया गांव में रविवार सुबह रास्ते के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। लाठी-डंडे से हुए संघर्ष में महिलाओं समेत नौ लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को परिजन बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल ले गए। मामले में पुलिस ने तहरीर के आधार पर नामजद आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित पक्ष के शेषमणि पुत्र अर्जुन निवासी टकटैया की तहरीर के अनुसार, गांव के ओमप्रकाश पुत्र रामदास से रास्ते को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। आरोप है कि शनिवार रात रास्ते में समरसेबल का पानी बहाकर उसे कीचड़युक्त कर दिया गया। रविवार सुबह करीब साढ़े छह बजे विपक्षी पक्ष रास्ते में लकड़ी, कांटे रखकर तथा खूंटा गाड़कर रास्ता बंद करने लगा। विरोध करने पर गाली-गलौज के बाद मारपीट शुरू हो गई।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि राजेश पुत्र रामप्रसाद के उकसाने पर संदीप, दिलीप, महेश पुत्रगण ओमप्रकाश, ओमप्रकाश पुत्र रामदास तथा सोनी पत्नी संदीप ने लाठी-डंडे और फावड़े से हमला कर दिया। मारपीट में शेषमणि, मनोरमा देवी, सरिता पत्नी राजमणि, सरिता पत्नी सर्वजीत, सूरज, आकाश, अतुल, दिव्यांग राजमीन तथा नीरज उर्फ अजय घायल हो गए। घायलों का प्राथमिक उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर कराया गया। इसके बाद गंभीर रूप से घायल शेषमणि, मनोरमा देवी, सरिता, सूरज और नीरज को परिजन बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए।
थाना बरसठी पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर के आधार पर नामजद आरोपितों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। समाचार लिखे जाने तक दूसरे पक्ष का बयान सामने नहीं आया था।


रिपोर्टर