नेपाल से भारत लाया जा रहा 75.3 किलो गांजा बरामद, एसएसबी-बिहार पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में तस्कर गिरफ्तार
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 08, 2026
- 3 views
बिहार
विश्वसनीय सू़त्रों से
पश्चिमी चंपारण-- नरकटियागंज। 44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने बिहार पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए नेपाल से भारत लाए जा रहे 75.3 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है।
एसएसबी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 8 जुलाई 2026 की रात करीब 2:20 बजे कार्यक्षेत्र "सी" समवाय पचरौता के अंतर्गत पचरौता तीन मोहानी पुल के समीप, अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या-429 से लगभग 2.7 किलोमीटर भारतीय सीमा के भीतर संयुक्त रात्रि नाका लगाया गया था। इस दौरान निरीक्षक (सामान्य) जयप्रकाश अपनी टीम के साथ ड्यूटी पर तैनात थे।
नाका जांच के दौरान नेपाल से भारत की ओर सिर पर बोरी लेकर आ रहे एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। बोरी की जांच में 75.3 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार तस्कर की पहचान रविन्द्र यादव (39 वर्ष), पिता कन्हैया यादव, निवासी ग्राम खैरवा टोला, पोस्ट दमरपुर, थाना मानपुर, जिला पश्चिम चंपारण (बिहार) के रूप में हुई।
पूछताछ में पता चला कि आरोपी नेपाल से गांजा लाकर भारत में बेचने की फिराक में था, ताकि इसकी बिक्री से मोटी रकम कमा सके। बरामद गांजा एवं गिरफ्तार तस्कर को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए भंगाहा थाना के सुपुर्द कर दिया गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि एसएसबी द्वारा सीमा पर लगातार सतर्कता और प्रभावी कार्रवाई के कारण अवैध गतिविधियों एवं तस्करी पर अंकुश लगा है। इससे तस्करों में हड़कंप है और सीमा क्षेत्र में तस्करी की घटनाओं में भी कमी देखने को मिल रही है।


रिपोर्टर