घर के सामने शीशम के पेड़ से लटकता मिला 55 वर्षीय व्यक्ति का शव, जांच में जुटी पुलिस
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Jul 09, 2026
- 3 views
बरसठी (जौनपुर)। बरसठी थाना क्षेत्र के गनेशपुर गांव में गुरुवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब 55 वर्षीय एक व्यक्ति का शव उसके घर के सामने स्थित शीशम के पेड़ से फांसी के फंदे पर लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गनेशपुर गांव निवासी राय साहब चौहान (55) का शव गुरुवार सुबह घर के सामने शीशम के पेड़ से लटकता देख उनकी पत्नी व ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलने पर बरसठी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतरवाकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
बताया जाता है कि राय साहब चौहान दो भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी कोई संतान नहीं थी और वे अपनी पत्नी के साथ रहते थे। परिवार की जीविका चलाने के लिए मजदूरी करते थे। ग्रामीणों के अनुसार वह करीब दस दिन पहले वाराणसी स्थित एक ईंट-भट्ठे पर काम करने के बाद घर लौटे थे। इन दिनों वह स्थानीय स्तर पर मजदूरी कर रहे थे।
प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है


रिपोर्टर