संघर्ष की जीत 20 वर्षों बाद शुरूहआ पीएचसी जयरामपुर क्षेत्रवासियों में खुशी
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Jul 09, 2026
- 18 views
बरसठी (जौनपुर)। करीब 20 वर्षों के लंबे इंतजार और लगातार चले जनसंघर्ष के बाद प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) जयरामपुर का संचालन बुधवार से शुरू हो गया। समाजसेवी जज सिंह अन्ना ने फीता काटकर अस्पताल का शुभारंभ किया, जबकि डॉ. सूर्यभान पटेल ने नारियल फोड़कर उद्घाटन कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत कराई। अस्पताल खुलने से क्षेत्र के लोगों में खुशी का माहौल है।
जिलाधिकारी जौनपुर एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) के निर्देश पर पीएचसी जयरामपुर में स्वास्थ्य सेवाएं प्रारंभ कर दी गईं। उद्घाटन समारोह में डॉ. सूर्यभान पटेल, डॉ. सर्वेश मिश्रा, डॉ. पूर्णिमा राव, एएनएम कामना राय तथा फार्मासिस्ट शिवहरि पाठक सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे। स्थायी चिकित्सक की नियुक्ति न होने के कारण फिलहाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरसठी से रोस्टर के आधार पर डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है। पहले दिन डॉ. सर्वेश मिश्रा ने मरीजों का उपचार किया। 1 अक्टूबर तक अस्पताल का समय सुबह 8 बजे से दोपहर 2 बजे तक तथा इसके बाद सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक निर्धारित किया गया है। हालांकि अस्पताल में अभी केवल दवाओं की व्यवस्था की गई है। बेड, पैथोलॉजी, आवश्यक चिकित्सा उपकरण, बिजली, पानी तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है। जज सिंह अन्ना ने बताया कि अस्पताल में पहले लगाए गए समरसेबल, पंखे सहित कई सामान चोरी हो चुके हैं, जिन्हें शीघ्र उपलब्ध कराया जाना आवश्यक है।
जज सिंह अन्ना ने बताया कि पीएचसी जयरामपुर के संचालन के लिए वर्ष 2020 से लगातार संघर्ष किया जा रहा था। पिछले एक माह के दौरान उन्होंने जिलाधिकारी, मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी को कई ज्ञापन सौंपे थे। मांग पूरी न होने पर 10 जुलाई से आमरण अनशन की घोषणा भी की गई थी।
उन्होंने कहा कि अस्पताल का संचालन शुरू होना क्षेत्र की जनता के लंबे संघर्ष की जीत है, लेकिन जब तक यहां स्थायी चिकित्सक, पर्याप्त स्वास्थ्यकर्मी, आधुनिक चिकित्सा उपकरण और सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो जातीं, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि 10 जुलाई से प्रस्तावित आंदोलन के संबंध में अंतिम निर्णय वर्तमान स्थिति की समीक्षा के बाद लिया जाएगा। लिया जाएगा।


रिपोर्टर