टॉप-10 हिस्ट्रीशीटर अवैध तमंचे व कारतूस के साथ गिरफ्तार, रामपुर पुलिस को मिली बड़ी सफलता
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Jul 09, 2026
- 29 views
रामपुर (जौनपुर)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना रामपुर पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए टॉप-10 हिस्ट्रीशीटर को अवैध तमंचा व जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध पूर्व से हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी तथा आबकारी अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में 12 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के निर्देशन, क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं विजय चौधरी के पर्यवेक्षण तथा थानाध्यक्ष रमेश कुमार के नेतृत्व में उपनिरीक्षक मु. इस्लाम अपनी टीम के साथ क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सिधवन दूध कारखाना से ग्राम मई पाही की ओर जाने वाले तिराहे पर एक संदिग्ध युवक को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक देशी तमंचा (.315 बोर) एवं एक जिंदा कारतूस (.315 बोर) बरामद हुआ। पूछताछ में उसकी पहचान दीपक यादव पुत्र महादेव यादव निवासी ग्राम मई, थाना रामपुर, जनपद जौनपुर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद न्यायालय भेज दिया। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार दीपक यादव थाना रामपुर का टॉप-10 अपराधी एवं हिस्ट्रीशीटर है। उसके विरुद्ध हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी, चोरी का माल रखने तथा आबकारी अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में कुल 12 मुकदमे पहले से दर्ज हैं। गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक मु. इस्लाम, मुख्य आरक्षी हरिगोविन्द दुबे एवं मुख्य आरक्षी विनोद प्रजापति शामिल रहे।


रिपोर्टर