संपत्ति विवाद में चाचा बना हैवान, सोते हुए भतीजों पर कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Jul 12, 2026
- 5 views
घटना के कुछ ही घंटों में पुलिस ने महिला समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
बरसठी (जौनपुर)। थाना क्षेत्र के बारीगांव गांव में पैतृक संपत्ति और मकान के बंटवारे को लेकर वर्षों से चला आ रहा पारिवारिक विवाद रविवार तड़के खूनी संघर्ष में बदल गया। आरोप है कि घर की दूसरी मंजिल पर सो रहे दो सगे भाइयों पर उनके चाचा और साथियों ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। वारदात में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कुछ ही घंटों के भीतर एक महिला सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, मूल रूप से शाहापुर निवासी सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य लालबहादुर सिंह के दो पुत्र आनंद सिंह और सुभाष सिंह हैं। दोनों परिवार बारीगांव के हनुमान नगर में बने मकान में रहते हैं। मकान की गैलरी में पार्टीशन और संपत्ति के बंटवारे को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। ग्रामीणों की मौजूदगी में कई बार पंचायत भी हुई, लेकिन विवाद का कोई स्थायी समाधान नहीं निकल सका।
आरोप है कि रविवार तड़के करीब तीन बजे आनंद सिंह के पुत्र राज सिंह और उदय सिंह दूसरी मंजिल के कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान आरोपी पक्ष कुल्हाड़ी लेकर कमरे में पहुंचा और दोनों भाइयों पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। सिर और शरीर पर गंभीर चोट लगने से दोनों युवक लहूलुहान होकर गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। दोनों का उपचार जारी है।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष की तहरीर पर बरसठी थाने में मुकदमा संख्या 288/2026 दर्ज किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) एवं क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश यादव के नेतृत्व में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी नीरज सिंह पत्नी सुभाष सिंह निवासी बारीगांव, जिलेदार सिंह पुत्र स्वर्गीय शालिग्राम सिंह तथा सुनील सिंह पुत्र कमला प्रसाद सिंह निवासी कान्हपुर को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
गिरफ्तारी अभियान में अपराध निरीक्षक लक्ष्मण प्रसाद शर्मा, उपनिरीक्षक शैलेंद्र कुमार दुबे, हेड कांस्टेबल पवित्र भूषण तिवारी, कांस्टेबल अभिषेक यादव, महिला कांस्टेबल किरण एवं बबीता शामिल रहीं। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


रिपोर्टर