एक पौधा एक जिम्मेदारी : वृक्षारोपण अभियान बना जन आंदोलन
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Jul 12, 2026
- 6 views
एक पेड़ मां के नाम अभियान से हरित हुआ बरसठी
बरसठी (जौनपुर)। मुख्यमंत्री के आह्वान पर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए चलाए जा रहे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत रविवार को बरसठी विकास खंड हरियाली के उत्साह से सराबोर नजर आया। क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में एक साथ व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया।
खंड विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद ने किया वृक्षारोपण
ग्राम पंचायत कटवार स्थित अंधारा वीर बाबा अमृत सरोवर पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी जगदीश प्रसाद ने पौधरोपण कर किया। उन्होंने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संतुलन का आधार नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ हवा, जल संरक्षण और बेहतर जीवन की अमूल्य धरोहर हैं। उपस्थित लोगों ने रोपे गए पौधों की देखभाल और संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया।
लखराव ग्राम पंचायत में वरिष्ठ भाजपा मंडल अध्यक्ष मुकेश सिंह बिसेन, वरिष्ठ भाजपा नेता अरविंद सिंह तथा मंडल महामंत्री सुशील कुमार पटेल ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों व ग्राम प्रधान के साथ पौधरोपण कर ग्रामीणों को अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनका संरक्षण करने के लिए प्रेरित किया।
पूर्ति निरीक्षक रेनू द्विवेदी ने किया वृक्षारोपण
बरसठी ग्राम पंचायत में पूर्ति निरीक्षक रेनू द्विवेदी ने ग्राम प्रधान अरुण कुमार सिंह एवं क्षेत्र के कोटेदारों के साथ पौधरोपण करते हुए पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने का आह्वान किया। उनकी अपील पर कोटेदारों ने अपने-अपने गांवों में पौधे लगाकर लोगों को हरियाली बढ़ाने का संदेश दिया।


रिपोर्टर