45 दिनों तक चलेगा एफएमडी टीकाकरण अभियान, पशुओं को खुरपका-मुंहपका से बचाने की पहल
- वेद प्रकाश शुक्ल, विशेष संवाददाता
- Jul 22, 2026
- 4 views
बरसठी (जौनपुर)। पशुधन को खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) जैसी संक्रामक बीमारी से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से बुधवार को विकासखंड बरसठी में निःशुल्क एफएमडी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ किया गया। यह विशेष अभियान आगामी 45 दिनों तक संचालित होगा, जिसके तहत क्षेत्र के सभी पात्र पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा।
अभियान का शुभारंभ खंड विकास अधिकारी जगदीश कुमार की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम सिंह, मंडल अध्यक्ष रमेश मौर्य, डॉ. विकास पटेल, विशाल पैरावेट अंकित, पंकज, वीरेंद्र मौर्य, देवीशंकर दुबे, राजेश कुमार सहित पशुपालन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय पशुपालक मौजूद रहे। पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम सिंह ने बताया कि खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) पशुओं में तेजी से फैलने वाली अत्यंत संक्रामक बीमारी है। समय पर टीकाकरण कराने से इस रोग की प्रभावी रोकथाम की जा सकती है तथा पशुओं के स्वास्थ्य और दुग्ध उत्पादन पर पड़ने वाले प्रतिकूल प्रभाव से बचाव संभव है। उन्होंने कहा कि यह अभियान पूरी तरह निःशुल्क है और सभी पशुपालक अपने पशुओं का टीकाकरण अवश्य कराएं।
डॉ. राम सिंह ने बताया कि 45 दिनों तक चलने वाले इस अभियान के दौरान विभाग की टीमें गांव-गांव जाकर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पशुओं का टीकाकरण करेंगी। उन्होंने पशुपालकों से अपील की कि वे विभाग की टीमों का सहयोग करें, ताकि अधिक से अधिक पशुओं का टीकाकरण कर उन्हें खुरपका-मुंहपका जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके। अधिकारियों ने बताया कि अभियान का उद्देश्य पशुधन की सुरक्षा सुनिश्चित करना, बीमारी के प्रसार पर प्रभावी नियंत्रण करना तथा पशुपालकों को होने वाले आर्थिक नुकसान से बचाना है। विभाग ने सभी पशुपालकों से इस जनहितकारी अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।


रिपोर्टर