जवाहर नवोदय विद्यालय की कक्षा 6 में नामांकन हेतु ऑनलाइन आवेदन शुरू, चयन परीक्षा 28 नवंबर


रोहतास।जिला पदाधिकारी दीपक मिश्रा रोहतास ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय की कक्षा 6 में प्रवेश हेतु आयोजित होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा (JNVST-2027) का आयोजन 28 नवंबर 2026 को किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है।


उन्होंने बताया कि रोहतास जिले के मूल निवासी एवं वर्तमान में जिले के किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 5वीं में अध्ययनरत छात्र-छात्राएं निर्धारित पात्रता के अनुसार आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थी 31 जुलाई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश, पात्रता एवं अन्य नियम-शर्तें प्रॉस्पेक्टस में उपलब्ध हैं।


जिला पदाधिकारी ने कहा कि नवोदय विद्यालय समिति, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के आयुक्त के निर्देशों के आलोक में ग्रामीण क्षेत्रों के अधिक से अधिक पात्र एवं मेधावी विद्यार्थियों तक आवेदन प्रक्रिया की जानकारी पहुंचाना आवश्यक है, ताकि कोई भी योग्य छात्र आवेदन से वंचित न रहे। उन्होंने कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय ग्रामीण प्रतिभाओं को निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा उपलब्ध कराने वाला प्रतिष्ठित संस्थान है।


इसी उद्देश्य से जिला पदाधिकारी ने जिला शिक्षा पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों तथा संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि चयन परीक्षा एवं ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें। साथ ही विद्यालयों, पंचायतों एवं अन्य सरकारी माध्यमों के जरिए पात्र विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों तक समय पर सूचना पहुंचाने को कहा गया है।


जिला पदाधिकारी ने जवाहर नवोदय विद्यालय, रोहतास के प्राचार्य को भी जिला प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर पंजीकरण अभियान को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक योग्य विद्यार्थियों का आवेदन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।


इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन आवेदन एवं विस्तृत जानकारी के लिए https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs/ पर जाकर आवेदन कर सकते हैं।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट