पेपर लीक मामले के विरुद्ध प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज के विरोध में भभुआं में छात्रों का शांतिपूर्ण प्रदर्शन
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 24, 2026
- 11 views
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट
कैमूर------- देशभर में पेपर लीक के मुद्दे और दिल्ली व पटना में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध की गूंज अब कैमूर जिले तक पहुंच गई है। शुक्रवार को भभुआ नगर में राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ताओं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने संयुक्त रूप से शांतिपूर्ण विरोध मार्च निकालकर अपनी नाराजगी जताई। प्रदर्शन में सैकड़ों छात्र-छात्राएं शामिल हुए और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लगातार हो रहे पेपर लीक से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। साथ ही दिल्ली और पटना में आंदोलन कर रहे छात्रों पर हुए लाठीचार्ज की भी कड़ी निंदा की गई। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की अपील की।
आंदोलन की पूर्व सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन और कैमूर पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। सुबह से ही शहर के प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई थी। एकता चौक से जिला मुख्यालय की ओर जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग कर दी गई, जिससे प्रदर्शनकारी जिला मुख्यालय की ओर आगे नहीं बढ़ सके।
स्थिति को देखते हुए जिला मुख्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार को भी पुलिस द्वारा बंद कर दिया गया था। वहीं एकता चौक पर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) स्वयं पुलिस बल के साथ मौजूद रहे और पूरे आंदोलन की निगरानी करते रहे।
हालांकि प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा और किसी प्रकार की अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लगाई जाती और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई नहीं होती, तब तक छात्रों का लोकतांत्रिक आंदोलन जारी रहेगा।
पुलिस प्रशासन ने भी पूरे कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी और शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन संपन्न होने के बाद प्रदर्शनकारी अपने-अपने गंतव्य की ओर लौट गए।


रिपोर्टर