थाना प्रशासन की कार्रवाई में 11 लीटर देसी शराब के साथ एक धंधेबाज गिरफ्तार

संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट 

कैमूर--- जिले की कुदरा थाना पुलिस को अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए धनाढी गांव निवासी जमुना राम, पिता स्वर्गीय शिवमुनी राम, को उसके घर से करीब 11 लीटर देसी शराब के साथ गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार, कुदरा थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि धनाढी गांव में एक व्यक्ति अपने घर में अवैध रूप से देसी शराब रखकर बिक्री कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए जमुना राम के घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान घर से लगभग 11 लीटर देसी शराब बरामद की गई।

शराब बरामद होने के बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया और जब्त शराब को अपने कब्जे में ले लिया। आरोपी के विरुद्ध बिहार मद्य निषेध एवं उत्पाद अधिनियम के तहत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

कुदरा थाना पुलिस ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। शराब कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं अवैध शराब का कारोबार हो रहा हो तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है, जबकि स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट