वर्दी में रील बनाना पड़ा महंगा सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होते ही गृहरक्षक जवान पर कार्रवाई

संवाददाता रूपेश कुमार दुबे की रिपोर्ट 

कैमूर---- 27 जुलाई 2026 सोशल मीडिया पर वर्दी में ड्यूटी के दौरान वीडियो बनाकर पोस्ट करना एक गृहरक्षक जवान को भारी पड़ गया। कैमूर पुलिस ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए संबंधित जवान के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की है।

जानकारी के अनुसार, 27 जुलाई 2026 को सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें एक गृहरक्षक जवान ड्यूटी के दौरान पुलिस की वर्दी में वीडियो बनाकर अपने सोशल मीडिया हैंडल पर साझा करता दिखाई दिया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग ने इसकी गंभीरता से जांच कराई।

जांच के दौरान यह स्पष्ट हुआ कि वायरल वीडियो भभुआं थाना परिसर का है। इसके बाद वीडियो में दिखाई दे रहे गृहरक्षक जवान की पहचान गृहरक्षक संख्या 152076 विकास कुमार के रूप में की गई। वर्तमान में विकास कुमार की तैनाती कुदरा थाना में है।

पुलिस अधिकारियों ने मामले की समीक्षा के बाद पाया कि ड्यूटी के दौरान वर्दी में इस प्रकार का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा करना विभागीय अनुशासन, आचार संहिता और गाइडलाइन का उल्लंघन है। साथ ही इस तरह की गतिविधि से पुलिस बल की गरिमा और सार्वजनिक छवि भी प्रभावित होती है।

इसी आधार पर संबंधित गृहरक्षक जवान के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया है कि वर्दी और ड्यूटी से जुड़े मामलों में निर्धारित नियमों का पालन करना प्रत्येक पुलिसकर्मी और गृहरक्षक की जिम्मेदारी है तथा भविष्य में इस प्रकार की अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

पुलिस विभाग ने सभी कर्मियों को निर्देशित किया है कि वे सोशल मीडिया का उपयोग विभागीय नियमों के अनुरूप करें और ड्यूटी के दौरान ऐसी किसी भी गतिविधि से बचें, जिससे पुलिस की साख और अनुशासन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़े।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में यह स्पष्ट संदेश गया है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए वर्दी और ड्यूटी का दुरुपयोग करने वालों के खिलाफ विभाग सख्त रुख अपनाएगा और नियमों का उल्लंघन करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट