बगीचे में सो रहे युवक को अपराधियों ने मारी गोली, गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Jul 27, 2026
- 100 views
ब्यूरो चीफ संदीप कुमार की रिपोर्ट
कैमूर:-- जिले के मोहनियां थाना क्षेत्र में अपराधियों का दुस्साहस लगातार बढ़ता नजर आ रहा है। थाना क्षेत्र के कौड़ीराम गांव स्थित एक बगीचे में सो रहे एक युवक को अज्ञात अपराधियों ने गोली मार दी। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
घायल युवक की पहचान रोहतास जिले के बिक्रमगंज थाना क्षेत्र के पटेल नगर निवासी कमलेश खरवार के 20 वर्षीय पुत्र सूर्यवंशी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही मोहनियां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अपराधियों की पहचान और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल गोली मारने के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्ती बढ़ाने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।


रिपोर्टर