बक्सर से पैदल गुप्ताधाम कांवर यात्रा आज करेंगे जलाभिषेक
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Aug 16, 2026
- 2 views
रोहतास। सावन की तीसरी सोमवारी को बाबा गुप्तेश्वरनाथ का जलाभिषेक करने के लिए बक्सर से गंगाजल लेकर पैदल गुप्ताधाम जा रहे हजारों कांवरियों का जत्था रविवार सुबह चेनारी पहुंचा। कांवरियों के साथ स्थानीय विधायक मुरारी प्रसाद गौतम भी मौजूद रहे।
हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी बाबा गुप्ताधाम कांवरिया संघ कमिटी के नेतृत्व में हजारों कांवरिये 13 अगस्त 2026 को चेनारी पावर हाउस से बक्सर के लिए रवाना हुए थे। उसी दिन मध्यरात्रि में बक्सर स्थित रामरेखा घाट से गंगाजल लेकर कांवरियों ने गुप्ताधाम की ओर पैदल यात्रा शुरू की। लगभग 135 किलोमीटर की दूरी तीन दिनों में तय करने के बाद कांवरियों का जत्था रविवार सुबह पुनः चेनारी पहुंचा।
कमिटी के पूर्व अध्यक्ष व संचालक पंकज तिवारी ने बताया कि इस वर्ष लगभग ढ़ाई हजार से अधिक कांवरिये गंगाजल लेकर गुप्ताधाम जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान स्थानीय प्रशासन के साथ-साथ बक्सर एवं कैमूर जिला प्रशासन का भी भरपूर सहयोग मिला।
अध्यक्ष अनुपम चौबे ने बताया कि इस वर्ष बारिश नहीं होने के कारण चिलचिलाती धूप में कांवरियों को पिछले वर्षों की अपेक्षा अधिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। इसके बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह और आस्था कम नहीं हुई। उन्होंने कहा कि बाबा गुप्तेश्वरनाथ के आशीर्वाद से प्रत्येक वर्ष की तरह इस वर्ष भी सावन की तीसरी सोमवारी को मंत्रोच्चारण के साथ बाबा गुप्ताधाम में जलाभिषेक किया जाएगा।
कांवरियों के चेनारी पहुंचने पर स्थानीय श्रद्धालुओं एवं लोगों में भी उत्साह देखने को मिला। तेलारी इंडिया गेट, मलहर, वीरनगर एवं लांजी नहर पुल सहित विभिन्न स्थानों पर स्थानीय लोगों द्वारा कांवरियों के लिए गर्म पानी, ठंडा पानी, नाश्ता-भोजन एवं विश्राम स्थल की व्यवस्था की गई। कई स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया गया।
तीन दिनों की पैदल यात्रा पूरी कर चेनारी पहुंचे कांवरियों का जत्था अब गुप्ताधाम की ओर प्रस्थान करेगा। सावन की तीसरी सोमवारी को कांवरिये बाबा गुप्तेश्वरनाथ का गंगाजल से विधिवत जलाभिषेक करेंगे।


रिपोर्टर