लड़कियों पर अश्लील टिप्पणी करने वाला मनचला गिरफ्तार

बरसठी, जौनपुर। मियांचक बाजार में कोचिंग और लाइब्रेरी से आने-जाने वाली लड़कियों को देखकर अश्लील टिप्पणी और अश्लील गाने गाने वाले मनचले को बरसठी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की कार्रवाई से ऐसे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

पुलिस के अनुसार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर द्वारा अपराध एवं अपराधियों तथा वांछित व वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी मड़ियाहूं के पर्यवेक्षण व दिशा-निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश यादव के नेतृत्व में उपनिरीक्षक शैलेन्द्र कुमार दुबे हमराह आरक्षी भुआल कुमार साह के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मियांचक बाजार में एक व्यक्ति कोचिंग और लाइब्रेरी से आने-जाने वाली लड़कियों को देखकर अश्लील टिप्पणी करते हुए अश्लील गाने गा रहा है।

सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो मुखबिर ने एक व्यक्ति की ओर इशारा कर उसकी पहचान कराई। पुलिस ने देखा कि युवक लड़कियों को देखकर अश्लील टिप्पणी करते हुए अश्लील गाने गा रहा था। पुलिस टीम को आता देख वह भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पुलिस ने मौके पर ही घेरकर पकड़ लिया। पूछताछ में पकड़े गए युवक ने अपना नाम योगेश तिवारी उर्फ अम्बुज पुत्र सतीश तिवारी, उम्र करीब 26 वर्ष, निवासी हरद्वारी, थाना बरसठी, जनपद जौनपुर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास पहने हुए कपड़ों के अलावा कोई वस्तु बरामद नहीं हुई। पुलिस के अनुसार पूछताछ में युवक ने बताया कि वह लड़कियों को देखकर अश्लील गाना गा रहा था और पुलिस को देखकर पकड़े जाने के डर से भागने का प्रयास किया। पुलिस ने आरोपी को उसके कृत्य से अवगत कराते हुए धारा 296 बीएनएस के तहत कार्रवाई की। मौके पर गिरफ्तारी मेमो तैयार कर दोपहर तीन बजे उसे पुलिस हिरासत में लिया गया तथा आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट