कंक्रीट लदे ट्रक ने बाइक में मारी टक्कर, महिला की मौत

संवाददाता पिंटु कुमार तिवारी की रिपोर्ट 

दुर्गावती(कैमूर)----- थाना क्षेत्र के छांव रोड में सीमेंट फैक्ट्री के पास बुधवार सुबह हुए सड़क हादसे में बाइक सवार एक महिला की जान चली गयी। कंक्रीट लदे ट्रक की टक्कर से महिला सड़क पर गिर पड़ी और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गयी। बाइक चला रहा उसका बेटा हादसे में बाल-बाल बच गया। मृतका की पहचान चांद थाना क्षेत्र के चंदोस गांव निवासी रामायण बिंद की पत्नी कुसुम देवी 40 वर्ष के रूप में हुई है।

बताया जाता है कि कुसुम देवी अपने पुत्र हरि के साथ बाइक से निजी कंपनी में काम करने जा रही थी। छांव रोड में सीमेंट फैक्ट्री के नजदीक पहुंचते ही जीटी रोड की ओर से आ रहे कंक्रीट लदे ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही कुसुम देवी बाइक से नीचे गिर गयीं और गंभीर चोट लगने के कारण मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं उनका पुत्र हरि बाल-बाल बच गया।

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर आसपास के लोगों और फैक्ट्री में काम करने वाले कर्मियों की भीड़ लग गयी। लोगों ने हादसे में शामिल ट्रक को रोक लिया और इसकी सूचना मृतका के परिजनों को दी। खबर मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। महिला की मौत की जानकारी मिलते ही परिवार में मातम पसर गया।

इधर, घटना से नाराज ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर छांव रोड पर आवागमन रोक दिया। जाम के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। ग्रामीण मृतका के आश्रितों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे थे।

सूचना मिलने पर दुर्गावती थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रक को अपने कब्जे में लेकर घटना की जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों और पूरे घटनाक्रम की पुलिस छानबीन कर रही है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट