नशा मुक्त समाज ही देश की तरक्की का आधार--- सांसद लवली आनंद

 शिवहर में 'नशा मुक्त भारत' एवं 'विकसित भारत जी राम जी' विषय पर केंद्रीय संचार ब्यूरो द्वारा आयोजित दो दिवसीय जागरूकता अभियान का समापन, दिलाई गई नशा मुक्ति की शपथ 

ब्यूरो चीफ अंकित कुमार की रिपोर्ट 

शिवहर---- सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार के केंद्रीय संचार ब्यूरो (सीतामढ़ी) द्वारा शिवहर के पीएम श्री प्रोजेक्ट बालिका उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित दो दिवसीय चित्र प्रदर्शनी सह जन-जागरूकता अभियान का बुधवार को सफलतापूर्वक समापन हो गया। 

18 और 19 अगस्त तक चले इस कार्यक्रम का मुख्य विषय “नशा मुक्त भारत अभियान एवं विकसित भारत जी राम जी” था।

  समापन समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए स्थानीय सांसद लवली आनंद ने इस पहल की भूरि-भूरि प्रशंसा की। 

उन्होंने कहा कि ऐसे अभियानों के माध्यम से आम नागरिकों को केंद्र सरकार की लोक-कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्यक्ष रूप से मिलती है। नशा मुक्ति पर जोर देते हुए उन्होंने कहा, "नशा मुक्त समाज ही परिवार, राज्य और देश की तरक्की का प्रमुख आधार है।


 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा चलाया गया यह अभियान देश के विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रयासों से पूर्ण शराबबंदी लागू है, और इस पर पूर्णतः रोक सुनिश्चित होनी चाहिए।" कार्यक्रम के दौरान सांसद ने उपस्थित जनसमूह को नशा मुक्त भारत अभियान के तहत शपथ भी दिलाई।  

 समारोह के विशिष्ट अतिथि एवं पूर्व सांसद आनंद मोहन ने अपने संबोधन में कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी आजीवन नशा मुक्ति के पक्षधर रहे। उन्हीं से प्रेरणा लेकर लोकनायक जयप्रकाश नारायण के शिष्य और वर्तमान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार में पूर्ण शराबबंदी कर एक साहसिक और सराहनीय कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि इसी फैसले के कारण आज बिहार नशे के गंभीर दुष्परिणामों से बचा हुआ है।  

 दूरदर्शन केंद्र, पटना के समाचार संपादक सह क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी जावेद अंसारी ने 'विकसित भारत–रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम, 2025' (VB-G RAM-G) के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस नए अधिनियम के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में गारंटीशुदा रोजगार के दिनों की संख्या 100 से बढ़ाकर 125 दिन कर दी गई है। यह कदम ग्रामीण अर्थव्यवस्था को एक नई मजबूती प्रदान करेगा।

वहीं, नगर परिषद अध्यक्ष राजन नंदन सिंह ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए सुझाव दिया कि जागरूकता के ऐसे कार्यक्रम जिला स्तर से लेकर ब्लॉक स्तर तक निरंतर आयोजित किए जाने चाहिए।

    दो दिवसीय इस अभियान के दौरान प्रतिदिन क्विज प्रतियोगिता, परिचर्चा, और संवाद कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसके अतिरिक्त, केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं पर आधारित लोक-सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और नुक्कड़ नाटकों का मंचन भी किया गया, जिसने दर्शकों को जागरूक करने के साथ-साथ उनका भरपूर मनोरंजन भी किया।

             

 कार्यक्रम का सफल संचालन वरिष्ठ पत्रकार हरिकांत ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन सहायक क्षेत्रीय प्रचार अधिकारी श्री ग्यास अख्तर द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य श्री दीपक सिंह, विभागीय अधिकारी श्री निशांत, अवध किशोर प्रसाद, सामाजिक कार्यकर्ता विजय विकास एवं नंद लाल सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, लोक-सांस्कृतिक कलाकार और भारी संख्या में स्थानीय नागरिक व गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट