डंपर को पास देने में पुल से टकराई सवारियों से भरी बस

हादसे में दो महिलाएं घायल, स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया


बरसठी, जौनपुर। थाना क्षेत्र के खोइरी गांव के पास शनिवार शाम करीब 4:20 बजे सामने से आ रहे डंपर को पास देने के दौरान सवारियों से भरी बस सड़क किनारे बने पुल से टकरा गई। हादसे में बस में सवार दो महिलाएं घायल हो गईं। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

बताया गया कि बस जमालापुर से बंधवा की ओर जा रही थी। खोइरी गांव के पास सामने से डंपर आने पर बस चालक ने उसे पास देने के लिए बस को सड़क किनारे करने का प्रयास किया। सड़क पर जगह कम होने के कारण बस अनियंत्रित होकर पुल से जा टकराई। हादसे के समय बस यात्रियों से पूरी तरह भरी थी, जिसमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी सवार थे। टक्कर के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बस में फंसी घायल महिलाओं को बाहर निकाला और मियांचक स्थित जे.के. हॉस्पिटल पहुंचाया। घायल गायत्री शर्मा (50) निवासी हड़िया ठकुरइनीपुरा, प्रयागराज के सिर और मुंह में चोट आई है। वहीं गुड्डी शर्मा (45) निवासी कौरहा, मछलीशहर के सिर और कमर में चोट लगी है। घायल महिलाओं के अनुसार बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। करीब छह बजे जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को पुल के पास से बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और हादसे की जानकारी जुटाते हुए मामले की जांच शुरू कर दी।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट