राखी के धागे ने जोड़े दिल, विकास वैभव और डीएम दीपक मिश्रा को रक्षासूत्र बांध गार्गी अध्याय ने पेश की समरसता की मिसाल


संवाददाता पारसनाथ दुबे


 डेहरी रोहतास।रक्षाबंधन के पावन अवसर पर लेट्स इंस्पायर बिहार के अंतर्गत रोहतास के गार्गी अध्याय द्वारा होटल आनंदा में विशेष समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला मुख्य समन्वयक नूतन पाण्डेय की प्रेरणा एवं नेतृत्व में सम्पन्न हुआ, जिसमें महिलाओं की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।


समारोह में महिलाओं ने भाइयों की कलाई पर रक्षासूत्र बांधकर प्रेम और विश्वास का संदेश दिया। गार्गी अध्याय की महिलाओं ने गया पहुँचकर लेट्स इंस्पायर बिहार के मुख्य संरक्षक एवं आईजी विकास वैभव जी को राखी बांधी। इस अवसर पर उन्होंने वीडियो कॉल के माध्यम से सासाराम के कार्यक्रम को संबोधित किया और सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।


वहीं महिलाओं ने रोहतास के जिला पदाधिकारी दीपक मिश्रा को भी रक्षासूत्र बांधा। इस पहल के माध्यम से समाज और प्रशासन के बीच सहयोग, सम्मान एवं सद्भाव की भावना को मजबूती देने का संदेश दिया गया।


कार्यक्रम में दूर-दराज से लोगों की सहभागिता रही। रेलवे में कार्यरत मुन्ना कुमार ओडिशा से सासाराम पहुंचे, जबकि पटना निवासी मनीषा मल्होत्रा ने भी कार्यक्रम में भाग लिया।


पूर्व जिला पार्षद प्रमिला सिंह ने कहा कि रक्षाबंधन समाज को स्नेह और विश्वास के रिश्ते में जोड़ने वाला पर्व है। सामाजिक कार्यकर्ता रिंकू देवी ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी से सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों को नई दिशा मिलती है।


नूतन पाण्डेय ने कहा कि रक्षाबंधन भारतीय संस्कृति में प्रेम, विश्वास और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। गार्गी अध्याय का उद्देश्य समाज के विभिन्न वर्गों को जोड़ते हुए सकारात्मक सामाजिक वातावरण तैयार करना है।

रिपोर्टर

संबंधित पोस्ट