डीडीसी ने राजपुर प्रखंड कार्यालय व सीएचसी का किया निरीक्षण
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Sep 03, 2026
- 2 views
रोहतास। उप विकास आयुक्त आकांक्षी कुमारी ने गुरुवार को राजपुर प्रखंड कार्यालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर प्रखंड में चल रहे विकास कार्यों एवं स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अधिकारियों को सरकार की योजनाओं का लाभ आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने तथा जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
डीडीसी सर्वप्रथम प्रखंड कार्यालय पहुंचीं, जहां उन्होंने संबंधित पदाधिकारियों के साथ बैठक कर प्रखंड में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने भवनविहीन आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए तत्काल जमीन उपलब्ध कराने का निर्देश प्रखंड विकास पदाधिकारी को दिया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए भूमि उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए।
इसके बाद उन्होंने आरटीपीएस काउंटर का निरीक्षण किया और वहां कार्यरत कर्मियों से आम लोगों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली। उन्होंने कर्मियों को निर्देश दिया कि आरटीपीएस से संबंधित कार्यों के लिए आने वाले लोगों की समस्याओं का त्वरित एवं नियमानुसार समाधान सुनिश्चित करें, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निरीक्षण के अगले क्रम में डीडीसी प्रखंड विकास पदाधिकारी के साथ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, राजपुर पहुंचीं। उन्होंने अस्पताल के ओपीडी, स्टोर रूम, अल्ट्रासाउंड एवं एक्स-रे मशीन, विभिन्न वार्डों सहित अन्य व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान अस्पताल की साफ-सफाई, चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का भी जायजा लिया।
डीडीसी ने चिकित्सा पदाधिकारी को अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों की प्रारंभिक जांच (स्क्रीनिंग) अनिवार्य रूप से कराने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि समय पर स्क्रीनिंग होने से मरीजों में संभावित बीमारियों की पहचान प्रारंभिक स्तर पर की जा सकेगी और उन्हें बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा।
उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा आशा कार्यकर्ताओं को भी स्क्रीनिंग जांच के कार्य में लगाया गया है। आशा कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर लोगों की स्क्रीनिंग करेंगी और संभावित बीमारियों से संबंधित जानकारी स्वास्थ्य विभाग तक पहुंचाएंगी, जिससे समय रहते आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
निरीक्षण के बाद उप विकास आयुक्त ने कहा कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। अस्पताल में साफ-सफाई की स्थिति ठीक रही तथा चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित पाए गए। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार एवं मरीजों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
मौके पर बीडीओ प्रवीण कुमार, सीओ मनोज प्रसाद, पीओ, बीपीआरओ, श्रम पदाधिकारी, चिकित्सा पदाधिकारी, स्वास्थ्य प्रबंधक सहित अन्य चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मी उपस्थित रहे।फोटो कैप्शन: राजपुर प्रखंड कार्यालय एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देतीं उप विकास आयुक्त आकांक्षी कुमारी।


रिपोर्टर