बदहाल हुआ डालमियानगर का ऐतिहासिक खेल मैदान, गड्ढों और जलजमाव से खिलाड़ियों और बुजुर्गों को भारी परेशानी
- सुनील कुमार, जिला ब्यूरो चीफ रोहतास
- Sep 27, 2026
- 4 views
संवाददाता पारस नाथ दुबे
डेहरी रोहतास। कभी राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की चहल-पहल से गुलजार रहने वाला डालमियानगर का ऐतिहासिक खेल मैदान आज बदहाली के दौर से गुजर रहा है। रोहतास उद्योग समूह के बंद होने के बाद से इस मैदान की देखरेख बंद है और अब लगातार बारिश ने इसकी सूरत ही बिगाड़ दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार इस मैदान में सुबह और शाम सैकड़ों की संख्या में बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे टहलने आते हैं। बड़ी संख्या में युवक-युवतियां पुलिस और सेना भर्ती की तैयारी के लिए यहां दौड़ लगाकर अपना भविष्य संवारने की कोशिश करते हैं।
लेकिन मैदान के चारों तरफ बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और जगह-जगह जलजमाव हो गया है, जिससे घूमना-फिरना भी मुश्किल हो गया है।
पहले सुबह के समय यहां बच्चे क्रिकेट और फुटबॉल खेलते थे, लेकिन मैदान खराब होने से खेल पूरी तरह बंद हो गया है।
नगरवासियों ने जिला प्रशासन से जल्द मैदान के जीर्णोद्धार और समतलीकरण की मांग की है ताकि युवाओं का खेल और तैयारी फिर शुरू हो सके।


रिपोर्टर