ओसिस स्टडी सेंटर में आपदा से बचाव के प्रति बच्चों को किया गया जागरूक
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Oct 13, 2026
- 8 views
अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस पर बच्चों को बताए गए सुरक्षा के उपाय
---------------------
जिला शिवहर। अंतरराष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण दिवस के अवसर पर मंगलवार, 13 अक्टूबर को कोठिया चौक, सहवाजा स्थित ओसिस स्टडी कोचिंग सेंटर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बच्चों को बाढ़, भूकंप, चक्रवात और अग्निकांड जैसी आपदाओं से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला अभियोजन पदाधिकारी सत्य प्रकाश गुप्ता मौजूद रहे। इस अवसर पर कोचिंग सेंटर के संचालक विशाल कुमार ने अंगवस्त्र भेंट कर मुख्य अतिथि को सम्मानित किया।
कार्यक्रम के दौरान बच्चों को बताया गया कि आपदा के समय घबराने के बजाय सतर्कता और समझदारी से काम लेना चाहिए। बाढ़ जैसी स्थिति में सुरक्षित स्थान पर जाने, भूकंप के दौरान खुद को सुरक्षित रखने तथा प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने के महत्व को समझाया गया।
बच्चों को यह भी बताया गया कि आपदा आने से पहले ही संभावित खतरों की पहचान करना, आपातकालीन किट तैयार रखना और जरूरत पड़ने पर समय रहते सुरक्षित स्थान पर पहुंचना बेहद जरूरी है। जागरूकता और पूर्व तैयारी से आपदाओं के कारण होने वाले जान-माल के नुकसान को कम किया जा सकता है।
कार्यक्रम का मुख्य संदेश "सुरक्षित आज, सशक्त कल" रहा। इसके माध्यम से बच्चों को स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज के लोगों को भी आपदा से बचाव के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर कौशल कुमार, शिक्षकगण एवं कोचिंग सेंटर के बच्चे मौजूद रहे। कार्यक्रम के माध्यम से आपदा जोखिम कम करने और सुरक्षित समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।


रिपोर्टर