51 लाख श्रद्धालुओं की सेवा करने वाले कर्मयोगियों को नगर निगम ने किया सम्मानित
- कुमार चन्द्र भुषण तिवारी, उप संपादक बिहार
- Oct 15, 2026
- 6 views
सोना लौटाने वाले दो सफाईकर्मियों को 5100-5100 रुपये की प्रोत्साहन राशि, 90 से अधिक संगठनों और समाजसेवियों को मिला सम्मान
ब्यूरो चीफ प्रकाश कुमार की रिपोर्ट
गयाजी। विश्व प्रसिद्ध पितृपक्ष मेला महासंगम-2026 के सफल आयोजन के बाद गया नगर निगम की ओर से बुधवार को हरिदास सेमिनरी के सभागार में भव्य सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में 51 लाख से अधिक श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे सफाईकर्मियों, नगर निगम कर्मियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, पुलिसकर्मियों, चिकित्सकों, रेलकर्मियों, मीडियाकर्मियों, पंडा समाज और समाजसेवियों को प्रशस्ति पत्र एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मेयर डॉ. वीरेंद्र कुमार उर्फ गणेश पासवान ने की, जबकि मंच संचालन पूर्व उपमहापौर अखौरी ओंकार नाथ उर्फ मोहन श्रीवास्तव ने किया। दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर उपमहापौर चिंता देवी, नगर आयुक्त डॉ. गगन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार, नगर पुलिस अधीक्षक अभिनव कुमार सहित पार्षदगण और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।
ईमानदारी की मिसाल पेश करने वाले सफाईकर्मियों को विशेष सम्मान
तीर्थयात्री का खोया सोना लौटाकर ईमानदारी की मिसाल पेश करने वाले सफाईकर्मी जितेंद्र मांझी और राजेश कुमार को 5100-5100 रुपये की प्रोत्साहन राशि, प्रशस्ति पत्र और शॉल देकर सम्मानित किया गया। मेयर ने कहा कि कर्मचारियों की मेहनत, ईमानदारी और समर्पण ही बड़े आयोजनों की सफलता का आधार है। उनके कार्य दूसरे कर्मचारियों को भी कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देंगे।
सामूहिक प्रयास से सफल हुआ महासंगम
मेयर ने कहा कि सफाई योद्धाओं, जिला प्रशासन, पुलिस, स्वयंसेवी संस्थाओं और समाज के सभी वर्गों के सहयोग से इतना बड़ा आयोजन सफल हुआ। श्रद्धालुओं के लिए भोजन, पेयजल, चिकित्सा और स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने में सभी का योगदान सराहनीय रहा।
मोहन श्रीवास्तव ने बताया कि मेले से पहले सड़कों की मरम्मत, नालियों की सफाई, पेयजल आपूर्ति और रोशनी की व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया। उन्होंने कहा कि यह समारोह सेवा, समर्पण और सामूहिक सहभागिता का सम्मान है।


रिपोर्टर