मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के तहत कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने किया तलेन टप्पा कार्यालय का निरीक्षण
- राजेंद्र यादव, ब्यूरो चीफ, मध्यप्रदेश
- Oct 16, 2026
- 47 views
नामांतरण, बंटवारा एवं सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण की समीक्षा कर समय-सीमा में कार्यवाही सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
तलेन । मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत आमजन की राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण एवं शासकीय सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर डॉ. गिरीश कुमार मिश्रा ने शुक्रवार को नायब तहसीलदार कार्यालय तलेन का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने टप्पा कार्यालय में फोती नामांतरण, बंटवारा सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी जानकारी लेते हुए उनके निराकरण की प्रगति का जायजा लिया। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि राजस्व प्रकरणों का नियमानुसार एवं समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। आमजन को शासकीय सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में अनावश्यक परेशानी न हो तथा लंबित प्रकरणों में प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही की जाए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने और नागरिकों की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश भी दिए। कलेक्टर डॉ. मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का प्रभावी निराकरण कर शासकीय सेवाओं के प्रति नागरिकों का विश्वास मजबूत करना है। इसके लिए सभी संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें तथा आमजन को समय पर राहत उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।


रिपोर्टर